Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम में सबसे सुरक्षित माने जाने वाली पुलिस लाइन में एक हेडकांस्टेबल के फ्लैट से हथियार और गांजा मिला है। पुलिस ने हेड कांस्टेबल समेत परिवार के सदस्यों पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह फ्लैट हेड कॉन्स्टेबल पोखर सिंह के नाम से अलॉट है। एक शिकायत मिलने के बाद सिटी थाना पुलिस की टीम ने छापेमारी की और अवैध सामान को कब्जे में लिया। गुरुग्राम में पुलिस लाइन के फ्लैट इसमें एक पिस्तौल, कारतूस और गांजा शामिल है।पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस संबंध में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। शिकायतकर्ता की तरफ से पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो भी शेयर किया गया है।
वीडियो में पुलिस टीम को फ्लैट की तलाशी लेते हुए देखा जा सकता है, जिसमें कुछ संदिग्ध सामान बरामद होता दिख रहा है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और जल्द ही सभी तथ्यों को सामने लाया जाएगा। हेड कांस्टेबल पोखर सिंह से भी पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या वह इस अवैध सामग्री से सीधे तौर पर जुड़ा है या कोई और इस फ्लैट का दुरुपयोग कर रहा था।
हालांकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि इनका पारिवारिक विवाद भी चल रहा है। इसी के चलते यह एफआईआर करवाई गई है। FIR में इस पारिवारिक विवाद के बारे में भी डिटेल से जानकारी दी गई है।
सिविल लाइन थाना एसएचओ कृष्ण का कहना है कि एक शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस फ्लैट से कारतूस और कुछ नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। एक खिलौनानुमा पिस्तौल भी मिली है। इस सामान को जांच के लिए लैब में भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है।




