गुरुग्राम-फरुखनगर रोड पर 3 दिन बंद रहेगा रेलवे फाटक, इन रास्तों से निकलें वाहन चालक
गुरुग्राम: गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है। सुल्तानपुर गांव के पास स्थित रेलवे फाटक नंबर LC-04 को मरम्मत कार्य के चलते तीन दिनों के लिए बंद किया जाएगा। यह फाटक 17 नवंबर 2026 को सुबह 8 बजे से 19 नवंबर 2026 तक सभी तरह के वाहनों के लिए बंद रहेगा। ऐसे में इस रास्ते से रोजाना सफर करने वाले लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी।

गुरुग्राम यातायात पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, गुड़गांव-फरुखनगर रोड पर सुल्तानपुर गांव के पास रेलवे फाटक की सड़क काफी खराब हो चुकी है। सड़क पर कई जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए रेलवे विभाग ने यहां मरम्मत का काम कराने का फैसला लिया है।
इस दौरान केवल सड़क ही नहीं, बल्कि रेलवे ट्रैक की भी मरम्मत की जाएगी। काम पूरा होने तक रेलवे फाटक से किसी भी तरह के वाहन को गुजरने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में गुरुग्राम, फरुखनगर, झज्जर, पटौदी और रोहतक की ओर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।
गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर जाने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल
ट्रैफिक पुलिस ने अलग-अलग रूट से आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ते बताए हैं।
- गुरुग्राम से फरुखनगर और झज्जर जाने वाले वाहन चालक: चंदू से बादली और रामगोपाल कॉलेज, सुल्तानपुर से मुबारकपुर होते हुए झज्जर बाईपास का रास्ता अपना सकते हैं।
- झज्जर और फरुखनगर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक: झज्जर बाईपास से मुबारकपुर और रामगोपाल कॉलेज, सुल्तानपुर होते हुए गुरुग्राम पहुंच सकते हैं।
- पटौदी से गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक: KMP फ्लाईओवर के नीचे से आने वाले वाहन पटौदी-पचगांव के रास्ते गुरुग्राम की ओर जा सकते हैं।
- फरुखनगर से गुरुग्राम जाने वाले वाहन चालक: अनाज मंडी फरुखनगर से वजीरपुर होते हुए गुरुग्राम पहुंच सकते हैं। इसके अलावा बादली (दिल्ली) के रास्ते भी गुरुग्राम जाने का विकल्प रहेगा।
- रोहतक और झज्जर से गुरुग्राम आने वाले वाहन चालक: बादली के रास्ते गुरुग्राम की ओर जा सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने की वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील
गुरुग्राम यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 17 से 19 नवंबर तक सुल्तानपुर रेलवे फाटक की ओर जाने से बचें और बताए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। साथ ही रास्ते में तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
मरम्मत कार्य के दौरान इस रूट पर सफर करने वाले लोगों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है, ताकि रेलवे फाटक बंद होने की वजह से उन्हें परेशानी न हो। रेलवे विभाग की ओर से मरम्मत का काम पूरा होने के बाद इस रास्ते पर आवाजाही दोबारा सामान्य हो सकेगी।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




