Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 अक्टूबर। गुरुग्राम में एक सड़क बनने के चंद घंटों के बीच में उखड़ गई और बिखरी रोड़ी उसमें होने वाले भ्रष्टाचार की जुगली करती नजर आई। वहीं, कांग्रेस इसको लेकर भाजपा पर हमलावर हो गई है। उसने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार की चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस इसको लेकर जल्द ही प्रशासन से मिलकर इसकी जांच की मांग करेगी।
मामला बसई रोड पर हाल ही में बनी एक सड़क का है। सड़क की परतें बनने के कुछ ही घंटों के भीतर उखड़ गईं। यह सड़क सरकारी अस्पताल से पटौदी चौक की ओर जाती है।
बताया जा रहा है कि बसई रोड लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिसके मरम्मत के लिए टेंडर जारी किया गया था। कल रात ही इस सड़क का निर्माण कार्य पूरा हुआ था, लेकिन कुछ ही घंटों में इसकी ऊपरी परतें अलग होने लगीं। जिसके बाद गुरुग्राम से कांग्रेस के शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर ने प्रशासन और ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ पर तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का संकेत है। डावर ने कहा कि एक ओर साइबर सिटी गुरुग्राम विश्व मानचित्र पर अपनी पहचान बना चुका है और ऊंची-ऊंची इमारतें इसकी शोभा बढ़ाती हैं, वहीं दूसरी ओर पुराने गुरुग्राम में टूटी हुई सड़कें नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं।
पंकज डावर ने कहा कि वह मामले को लेकर जल्द ही निगम कमिश्नर से मुलाकात करेंगे और इसकी जांच की मांग करेंगे।




