Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 अगस्त। गुरुग्राम में एक महिला पर कमेंट पास करने पर उसके मित्र ने जब दो युवकों को रोका तो वे उससे भिड़ गए और गोली चला दी और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और घटनास्थल से कारतूस का एक खाली खोल भी बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गोली चलाने की घटना एफ बार बनी सिटी सेंटर सेक्टर 63 के पास की है। यहां पर शिकायकर्ता आज अपने दोस्तों के साथ कुछ खाने पीने के लिए आया था। वह गाड़ी बाहर खड़ी करके अपने एक दोस्त का इंतजार कर रहा था। तभी बगल में खड़ी एक गाड़ी में बैठे दो लड़कों में से एक ने उसकी महिला मित्र पर कमेंट पास कर दिया। जिस पर उसने उनको ऐसा करने से मना किया तो उनके बीच कहासुनी और लड़ाई-झगड़ा हो गया। इस दौरान उनमें से एक लड़के ने पिस्टल निकाल कर गोली चला दी और दोनों युवक उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से अपनी गाड़ी में चले गए।
सेक्टर 65 पुलिस ने मामला दर्ज तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी की पहचान मनु यादव (उम्र-36 वर्ष, शिक्षा बी.कॉम) निवासी नाहरपुर कासन जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि शिकायतकर्ता और उसके बीच आपसी कहासुनी में लड़ाई-झगड़ा हो गया। शिकायतकर्ता के साथ कई दोस्त थे। इसलिए उन्होंने पीटने के डर से अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली चला दी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।




