Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 25 नवंबर। विकसित भारत पदयात्राओं के अंतर्गत सोमवार को पलवल में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि शिरकत की।
यूनिटी मार्च के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च कर रहे लोगों का उत्साह देखते ही बनता था। इस मौके पर कृष्णपाल गुर्जर ने विपक्ष विशेष तौर पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 31 अक्टूबर से लेकर 25 नवंबर तक पूरे देश में यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। यह यूनिटी मार्च लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश की एकता के लिए हमारे पूर्वजों ने जो बलिदान दिया और त्याग किया उसे बरकरार रखा जाए। सरदार वल्लभभाई पटेल देश के लिए अमिट छाप छोड़कर गए हैं। जिन्होंने कम समय में देश की सैकड़ों रियासतों को भारत में विलय कराया। सरदार वल्लभभाई पटेल से प्रेरणा लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रास्ते को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास मूल मंत्री के साथ पिछले 11 वर्षों से देश की एकता के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। यूनिटी मार्च को लेकर लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च किया है। यूनिटी मार्च को लेकर लोगों जोश और उत्साह और उमंग दिखाई दी। देश की एकता और अखंडता के लिए देश नौजवान और प्रत्येक नागरिक कुछ भी कर सकता है।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का एक तरीका और गरिमा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के पोस्टरों पर कालिख पोतना गलत कार्य है। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपना मानसिक संतुलन खो बैठा है। कांग्रेस पार्टी देश के प्रधानमंत्री और उनकी मां के बारे में भी गलत बयानबाजी करती है। इसलिए कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कोई उम्मीद रखना बेकार है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को लेकर संसद में कोई बिल नहीं आ रहा है। विपक्ष लोगों को गुमराह करने में लगा हुआ है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहते है। लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस सत्ता में नहीं आ सकती है इसलिए देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन विपक्ष अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होगा।
इस अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम, होडल विधायक हरेंद्र कुमार, पूर्व विधायक दीपक मंगला, पूर्व विधायक प्रवीण डागर और जिला अध्यक्ष विपिन बैसला भी मौजूद थे।



