Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 नवंबर। गुरुग्राम के सोहना–पलवल मार्ग पर स्थित गांव सिलानी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस हादसे के बाद गांव लाखुवास और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्मला गांव लाखुवास की निवासी थी। वह अपने पति रूपेंद्र के साथ पलवल के समीप स्थित अपनी ससुराल में एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रही थी।
गांव लाखुवास निवासी हरपाल ने बताया कि उसका भाई रूपेंद्र और भाभी निर्मला बाइक से समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। जब वे सिलानी गांव के पास पहुंचे, तो सामने से तेज रफ्तार में आ रहा एक ट्रेलर ओवरटेक करते हुए सीधा उनकी बाइक से जा टकराया।
जिसमें निर्मला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रूपेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घायल रूपेंद्र को तुरंत सोहना स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाना प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया कि मृतकों का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




