Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने करोड़ों की अवैध विदेशी शराब मामले में आरोपी कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने गोवा की बिल्टी कटवाने के बाद मोटा मुनाफा कमाने के इरादे से अपने अन्य साथियों के मिलकर इसकी डिलीवरी ‘दी ठेका’ में की थी। पुलिस इस मामले में प्रयुक्त कैंटर को भी बरामद किया है। पुलिस अब तक इस मामले में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुके हैं।
पुलिस ने इस मामले में कल शराब को दी ठेका पर डिलीवर करने वाले कैंटर चालक को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजय (उम्र-36 वर्ष) निवासी गांव मोतीपुरा जिला भिवानी के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में पता चला कि 9 दिसंबर उसने इस मामले में बरामद शराब को गढ़ी हरसरू से अपनी गाड़ी (कैंटर) में लोड किया था और गोवा ले जाने की बिल्टी कटवाई थी। परंतु उसने व उसके अन्य साथियों ने वॉइन शॉप के मालिकों/संचालकों के साथ सांठगांठ करके मोटा मुनाफा कमाने के इरादे से इसे दी ठेका पर डिलीवर की थी।
पुलिस द्वारा ’आरोपी के कब्जे से वॉइन डिलीवर करने में प्रयोग को गई गाड़ी (कैंटर) बरामद की गई। आरोपी को आज अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की जाएगी।
इससे पहले पुलिस द्वारा दी ठेका के मैनेजर अजय और 25 फीसद शेयर के मालिक अंकुश गोयल को गिरफ्तार किया गया था। अब तक इस मामले में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।



