Bilkul Sateek News
पलवल (अजय वर्मा), 19 दिसंबर। खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 को लेकर हरियाणा राज्य की ओर से महिला कबड्डी टीम के गठन को लेकर पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में चयन ट्रायल किया गया। जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के कबड्डी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर खेल विभाग के उपनिदेशक राम मेहर सिंह, विकास कुमार ध्यानचंद अवार्डी, कबड्डी कोच नरेंद्र राणा और कोच संदीप कुमार भी मौजूद थे।
कबड्डी कोच नरेंद्र राणा ने बताया कि द्वितीय खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 अगले साल 5 से 10 जनवरी तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दादर नगर हवेली और दमन दीव के केंद्रशासित प्रदेश दीव में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में प्रतिभागिता के लिए हरियाणा राज्य की ओर से (टीम स्पोर्ट्स) गठन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर को लड़कियों की कबड्डी और 19 दिसंबर को लड़कों की कबड्डी के लिए नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में ट्रायल लिए जाने हैं। यह ट्रायल ओपन कैटेगरी में लिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया बीच गेम्स में पिछले साल हरियाणा की महिला एवं पुरुष टीम ने गोल्ड मेडल हासिल किया था और अबकी बार भी हरियाणा की टीम बेहतर प्रदर्शन करेगी और गोल्ड मेडल हरियाणा की झोली में डालने का काम करेगी।
कबड्डी कोच नरेंद्र राणा ने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा दे रही है। हरियाणा सरकार की खेल नीति इंडिया में नंबर वन है। हरियाणा की खेल नीति का लक्ष्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहन, बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर और सरकारी नौकरी के माध्यम से खेलों को बढ़ावा देना है, जिसमें नकद पुरस्कार, खेल नर्सरी, ग्रेडेशन सर्टिफिकेट और अर्जुन, भीम अवार्ड जैसे सम्मान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व खेल मंत्री गौरव गौतम के प्रयासों से हरियाणा पूरे भारत में खेलों का हब बन चुका है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के खेल विभाग में खेल अवॉर्ड से सम्मानित कोच है जो खिलाडिय़ों की प्रतिभा को निखारने का कार्य कर रहे है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि खेलों में भाग लें और हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन करें।
खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 में जींद जिले से भाग लेने आई गोल्ड मेडलिस्ट कबड्डी खिलाड़ी रीनू ने बताया कि गत वर्ष खेलो इंडिया बीच गेम्स में हरियाणा प्रदेश को प्रजेंट किया था और अच्छा खेल प्रदर्शन करते हुए हरियाणा की झोली में गोल्ड डालने का कार्य किया था। अबकी बार भी उन्हें उम्मीद है कि उनका चयन टीम में किया जाएगा और उन्हें हरियाणा की तरफ से खेलने का मौका मिलेगा। उन्होंने खेल विभाग से मांग करते हुए कहा कि खेलो इंडिया बीच गेम्स दो साल से ही शुरू किया गया है, ऐसे में खेलो इंडिया बीच गेम्स के लिए भी ग्रेडेशन बनाई जाए।
खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 में जिला पानीपत से भाग लेने आई कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका ने बताया कि पिछली बार भी खेलो इंडिया बीच गेम्स में भाग लिया था और गोल्ड मेडल हासिल किया। अबकी बार भी अच्छा प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेगी।



