Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 20 दिसंबर। दिल्ली NCR समेत हरियाणा के कई जिलों में दोपहर के समय भी कोहरा छाया हुआ है। ठंड में लोग कंपकपाते हुए दिखे। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें 3 से 5 घंटे लेट चल रही हैं। रोडवेज ने देर रात और अलसुबह की बसें रद्द कर दी हैं। वहीं, 20 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ रहा है। लंबी दूरियों की एक्सप्रेस ट्रेन कई-कई घंटे की देरी से चल रही हैं। शुक्रवार को मालवा एक्सप्रेस 5 घंटे की देरी से पानीपत पहुंची। वहीं, गोरखधाम एक्सप्रेस करीब साढ़े 3 घंटे देरी से हिसार पहुंची।
रोडवेज ने भी रात 11 बजे और सुबह 4 बजे चलने वाली बसें अधिकतर डिपो से रद्द कर दी हैं। इसके कारण दैनिक कार्य के लिए बाहर जाने वाले लोगों को घंटों तक बस का इंतजार करना पड़ा।
मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों के लिए बेहद घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण हरियाणा के 20 जिले प्रभावित रह सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पूरे राज्य में 23 दिसंबर तक मौसम शुष्क (DRY) रहने का अनुमान है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
इन जिलों में अलर्ट जारी मौसम विभाग ने हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, नूंह और पलवल में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में ऑरेंज अलर्ट है। सिरसा और फतेहाबाद में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
गोरखधाम एक्सप्रेस (12555) करीब ढाई घंटे देरी से चल रही है। यह ट्रेन साढ़े नौ बजे हिसार पहुंचती है, लेकिन इसके सवा 12 बजे हिसार पहुंचने की संभावना है। इसी तरह तिरूपति-हिसार एक्सप्रेस 2 घंटे से ज्यादा लेट है। यह ट्रेन दोपहर 2 बजे हिसार पहुंचती है। आज शाम सवा 4 बजे इसके पहुंचने की संभावना है।
हिसार होकर जाने वाली हरिद्वार-भावनगर एक्सप्रेस 3 घंटे से ज्यादा लेट है। यह ट्रेन शाम साढ़े 4 बजे हिसार पहुंचती है, लेकिन आज इसके शाम सवा 7 बजे पहुंचने की संभावना है। इसी तरह त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस (14619) भी करीब 3 घंटे देरी से चल रही है। यह ट्रेन शाम 4:40 बजे हिसार पहुंचती है, लेकिन इसके शाम 7:20 पर पहुंचने की संभावना है।
पानीपत में 16 एक्सप्रेस ट्रेनें देरी से चल रही हैं। ऊंचाहर एक्सप्रेस (14217) करीब 8 घंटे देरी से चल रही है। इस ट्रेन को सुबह 5:55 बजे पानीपत पहुंचना था, लेकिन यह ट्रेन अब दोपहर 2:50 बजे पानीपत पहुंच सकती है। यह ट्रेन प्रयागराज से चंडीगढ़ के बीच चलती है।
इसी तरह कटिहार से अमृतसर जाने वाली (15707) एक्सप्रेस करीब 7 घंटे देरी से चल रही है। यह ट्रेन सुबह 4:55 बजे पानीपत पहुंचती है मगर कोहरे के कारण ट्रेन अब सुबह 11:51 बजे पानीपत पहुंच सकती है।
मालवा एक्सप्रेस करीब साढ़े 3 घंटे, झेलम एक्सप्रेस पौना घंटा, स्वराज एक्सप्रेस ढाई घंटे, मुंबई-अमृतसर एक्सप्रेस करीब सवा 4 घंटे देरी से चल रही है।
वहीं, कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए कोहरे को देखते हुए एडवाइजरी जारी की गई है। गेहूं और सरसों की फसल लगाने वाले किसान सिंचाई सुबह की जगह दोपहर में करें। सरसों में हल्की सिंचाई ही करें और पानी रुकने न दें।
सरसों में सफेद रस्ट (White Rust) का खतरा है; लक्षण दिखने पर मैन्कोजेब (Mancozeb) का छिड़काव करें। गन्ने में ‘रेड रॉट’ (Red Rot) प्रभावित खेत का पानी दूसरे खेतों में न जाने दें। पत्तेदार सब्जियों की कटाई सूरज निकलने और कोहरा छंटने के बाद ही करें, अन्यथा नमी से फसल सड़ सकती है। कोहरे के दौरान कृषि यंत्रों का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करें।
पशुपालन करने वाले पशुपालकों के लिए सलाह पशुओं को रात में खुले में न बांधें, उन्हें शेड के नीचे रखें। पीने के लिए गुनगुना पानी ही दें। पशु आहार में रोजाना 50 ग्राम आयोडीन युक्त नमक और 50-100 ग्राम मिनरल मिक्सचर जरूर मिलाएं। शेड में वेंटिलेशन (हवा की आवाजाही) रखें, लेकिन सीधी ठंडी हवा पशुओं को न लगे।



