Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा-I (EOW-I) द्वारा एक गंभीर आर्थिक अपराध के मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 1 आरोपी को हैदराबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला मित्र के साथ मिलकर एक सीनियर सिटीजन से कैंसर के इलाज के नाम पर ठगी की वारदात को अंजाम दिया था।
अभियोग का विवरण: 10.07.2025 को आर्थिक अपराध शाखा-I से जांच के उपरांत एक शिकायत पुलिस थाना डीएलएफ फेज-2 में प्राप्त की गई। जिसमें शिकायतकर्ता एक सीनियर सिटीजन ने लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि उससे एक नेपाली मूल की महिला यांगजी शेरपा उर्फ याना ने बहन के कैंसर के इलाज के नाम पर पिछले 1 वर्ष में 2 करोड़ 21 लाख रुपये ऐंठ लिए और व विश्वास दिलाने के लिए यांगजी शेरपा द्वारा उसके पास रुपये भेजने के फर्जी स्क्रीनशॉट भेज दिए। इसके अलावा रुपये न भेजने पर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी।
पुलिस थाना सेक्टर-40 में मामला दर्ज: शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया तथा मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा-I को सौंपी गई। EOW-I की पुलिस टीम द्वारा अभियोग में विधिसम्मत कार्रवाई एवं गहन अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी: आर्थिक अपराध शाखा-I ने पुलिस प्रणाली एवं तकनीकी संसाधनों की सहायता से ठगी की वारदात में संलिप्त 1 आरोपी को 29.12.2025 को हैदराबाद से गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान : अजहर अहमद (उम्र-30 वर्ष, शिक्षा-स्नातक.) निवासी बड़ा गली कबूतरखाना, जिला हैदराबाद (तेलंगाना) के रूप में हुई।
पूछताछ: प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह मूल रूप से हैदराबाद का निवासी है। उसने अपनी महिला मित्र (यांगजी शेरपा उर्फ यामा) के साथ मिलकर शिकायतकर्ता से करीब 2 करोड़ रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बताया कि यांगजी शेरपा उर्फ यामा ने बहन के इलाज के नाम से शिकायतकर्ता से मई 2024 से लेकर अप्रैल 2025 तक 2 करोड़ 18 लाख रुपये लिए थे। वापस करने का विश्वास दिलाने के नाम पर करीब 18 लाख रुपये भेजे। इसके साथ रुपये भेजने के नाम पर फर्जी स्क्रीनशॉट शिकायकर्ता के पास भेजे थे। आरोपी ने बताया कि जिस बैंक खाते में रुपये ट्रांसफर होते थे, वो बैंक खाता यांगजी शेरपा का था। यांगजी जिस मोबाइल से कॉल करती थी उसका नंबर अजहर अहमद का था। अजहर ने महिला मित्र के बैंक खाते से ठगे गए रुपये खुद के बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए थे।
आगामी कार्रवाई: आरोपी को आज न्यायालय हैदराबाद में पेश करके 4 दिन पुलिस राहदारी रिमांड पर लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से उसके अन्य सहयोगियों की पहचान, अन्य संभावित वारदातों का खुलासा, ठगे हुए रुपये से संबंधित पूछताछ की जाएगी। अभियोग का अनुसंधान जारी है।




