Bilkul Sateek News
नारनौल, 2 जनवरी। नारनौल क्षेत्र के गांव अटाली में बाबा खेता नाथ मंदिर परिसर में आज एक बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पीछे चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान अचानक एक दीवार गिर गई। जिसकी चपेट में 2 मजदूर आ गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाबा खेता नाथ मंदिर के पीछे दीवार की नींव की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर पड़ी। दीवार का भारी मलबा पास में काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरा। जिसमें दो मजदूर दब गए। एक मजदूर को तुरंत ही बाहर निकाल लिया गया। लेकिन खामपुरा गांव निवासी कैलाश को जब तक अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने बाहर निकाला तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
चचेरे भाई राजेंद्र ने बताया कि कैलाश परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में दो बेटे और बुजुर्ग मां हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल नारनौल भेज दिया।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में काम कर रहे मजदूरों में भय का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाया जा रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। गांव के सरपंच वेदपाल ने भी घटना की पुष्टि करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को सहायता देने की मांग की है।



