बस एक मैसेज की दूरी पर होगी पुलिस
हाईटेक सिटी की पुलिस हुई और भी ज्यादा हाईटेक
गुरुग्राम पुलिस ने व्हाट्सऐप चैटबॉट किया लांच
व्हाट्सऐप के जरिए अब लोग कर सकेंगे गुरुग्राम पुलिस से संपर्क
चैटबॉट में नजदीकी पुलिस स्टेशन की जानकारी
ट्रैफिक से संबंधित समस्या
मोबाइल खोने की स्थिति में
किसी भी तरह के फीडबैक देने के लिए
पुलिस की एडवाइजरी समेत तमाम हेल्पलाइन नंबर्स की मिलेगी जानकारी
9599964777 नंबर से लोग कर सकेंगे चैटबॉट का इस्तेमाल
किसी भी थाने की लोकेशन, नाम और कॉन्टेक्ट नंबर की मिलेगी सुविधा
ट्रैफिक से संबंधित समस्या को भी इसके जरिए करा सकते हैं दर्ज
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 9 जनवरी। साइबर सिटी और हाईटेक हब के रूप में पहचान रखने वाले गुरुग्राम की पुलिस अब और भी ज्यादा स्मार्ट और हाईटेक हो गई है। आम जनता की सहूलियत और शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए गुरुग्राम पुलिस ने अपना आधिकारिक व्हाट्सऐप चैटबॉट लॉन्च कर दिया है। अब शहरवासियों को पुलिस सहायता के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने या कॉल वेटिंग का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गुरुग्राम पुलिस ने इसके लिए एक डेडिकेटेड हेल्पलाइन नंबर 9599964777 जारी किया है। इस नंबर को अपने मोबाइल में सेव करके नागरिक सीधे पुलिस के चैटबॉट से जुड़ सकते हैं। यह सेवा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा ने बताया कि इस नए डिजिटल सिस्टम में नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई फीचर्स शामिल किए गए हैं। इस पोर्टल के माध्यम से आप अपनी लोकेशन के आधार पर नजदीकी थाने का नाम, वहां का पता और संपर्क नंबर तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। इतना ही नहीं सड़कों पर लगने वाले जाम या ट्रैफिक नियम उल्लंघन की शिकायत अब फोटो और लोकेशन के साथ व्हाट्सऐप पर दर्ज कराई जा सकेगी। अगर आपका मोबाइल खो गया है, तो उसकी शुरुआती जानकारी और रिपोर्ट की प्रक्रिया में यह चैटबॉट गाइड करेगा। साइबर फ्रॉड या सुरक्षा से जुड़ी लेटेस्ट एडवाइजरी सीधे आपके फोन पर उपलब्ध होगी। इमरजेंसी की स्थिति में सभी महत्वपूर्ण विभाग के नंबर एक ही जगह मिल जाएंगे। नागरिक पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अपना फीडबैक भी दे सकते हैं, ताकि सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
अक्सर देखा जाता है कि लोग छोटे-मोटे कामों या जानकारी के लिए थाने जाने से कतराते हैं। इस चैटबॉट के आने से पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम होगी। यह सिस्टम पूरी तरह ऑटोमेटेड है, जिससे जानकारी मिलने में देरी नहीं होगी। गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा की माने तो पुलिस का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से पुलिसिंग को पारदर्शी और जनता के करीब लाना है। इस व्हाट्सऐप चैटबॉट से न केवल समय बचेगा, बल्कि इमरजेंसी में लोगों को सही दिशा भी मिलेगी।
कैसे करें व्हाट्सऐप चैटबॉट का उपयोग: नागरिक 95999-64777 पर व्हाट्सऐप के माध्यम से “Hello” संदेश भेजकर चैटबॉट से संवाद शुरू कर सकते हैं। इसके बाद भाषा चयन कर “View Services” विकल्प के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं की सूची देखी जा सकती है और अपनी आवश्यकता अनुसार सेवा का चयन किया जा सकता है।
व्हाट्सऐप चैटबॉट पर उपलब्ध प्रमुख सेवाएँ: गुरुग्राम पुलिस के इस व्हाट्सऐप चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण सेवाएँ एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध होंगी:
👉🏻 नजदीकी पुलिस थाना लोकेटर: सामान्य थाना, महिला थाना एवं साइबर थाना की संपूर्ण जानकारी, प्रभारी अधिकारी का नाम, संपर्क नंबर, ई-मेल तथा गूगल मैप लोकेशन।
👉🏻 महिला सुरक्षा एवं विशेष सहायता: महिला थाना से संबंधित जानकारी, प्रशिक्षित महिला अधिकारियों की सहायता एवं मार्गदर्शन।
👉🏻 साइबर अपराध से सुरक्षा: साइबर अपराध शिकायत प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी, गुरुग्राम पुलिस साइबर सेल एवं राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के लिंक, साथ ही साइबर हेल्पलाइन नम्बर 1930 की जानकारी।
👉🏻 यातायात संबंधी सेवाएँ: ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना, गड्ढे, जलभराव, सड़क अवरोध, वाहन खराब होने जैसी समस्याओं की रिपोर्टिंग, फोटो अपलोड सुविधा, लोकेशन साझा करना एवं शिकायत पर रेफरेंस आईडी प्राप्त करना।
👉🏻 ट्रैफिक इंस्पेक्टर की जानकारी: नागरिक अपनी लोकेशन साझा कर नजदीकी ट्रैफिक इंस्पेक्टर का नाम, संपर्क नंबर, कार्य क्षेत्र एवं कार्यालय समय की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
👉🏻 आपातकालीन सेवाएँ: 112 सहित सभी महत्वपूर्ण पुलिस व आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे।
👉🏻 खोया हुआ मोबाइल फोन:
मोबाइल फोन गुम होने की सूचना देने के लिए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने का लिंक व जानकारी।
👉🏻 फीडबैक एवं शिकायत प्रणाली: पुलिस कार्यवाही के लिए फीडबैक दिया जा सकता है।
👉🏻 सुरक्षा जागरूकता अभियान: साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं नागरिक सुरक्षा से जुड़े वीडियो, एडवाइजरी एवं त्वरित सुरक्षा सुझाव।
समय की बचत, भरोसे में वृद्धि: पुलिस आयुक्त ने कहा कि यह चैटबॉट न केवल नागरिकों के समय की बचत करेगा, बल्कि पुलिस के कार्यभार को संतुलित करने में भी सहायक होगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों का पुलिस तंत्र पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
गुरुग्राम पुलिस की अपील: गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि वे इस व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा का अधिक से अधिक उपयोग करें और सुरक्षित, स्मार्ट एवं सहयोगात्मक समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें।
गुरुग्राम पुलिस – आपकी सेवा, आपकी सुरक्षा के लिए सदैव [24×7] तत्पर है।



