Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त करते हुए सस्ते आई-फोन दिलाने के नाम पर ठगी व चोरी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए इसके 1 सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ नेपाल व भारत के लोगों को सस्ते मूल्य में मोबाइल देने का झांसा देकर ठगी करता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी नरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में ASI देवेन्द्र, ASI विक्रम, HC मंजीत, HC अशोक, सिपाही प्रदीप, सिपाही प्रियंक व सिपाही अजीत ने इस मामले में सस्ते दामों में i-Phone दिलाने का झांसा देकर ठगी व चोरी करने वाले अंतर्राष्ट्रीय गिरोह के एक सक्रिय आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर साजिशबद्ध तरीके से ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29.12.2025 को एक नेपाली व्यक्ति ने पुलिस थाना सुशांत लोक को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि कुछ समय पहले नेपाल में उसकी मुलाकात भारत के रहने वाले दो अनजान युवकों से हुई थी, जिन्होंने स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए उन्हें अमेरिका से i-Phone मंगवाकर सस्ते दामों में उपलब्ध कराने का झांसा दिया और उसे अपने विश्वास में ले लिया। उन व्यक्तियों के कहे अनुसार वह 2 लाख रुपये नगद लेकर नेपाल से भारत i-Phone खरीदने के लिए आया। उन व्यक्तियों ने पहले से ही सुशांत लोक क्षेत्र में एक होटल बुक करवा रखा था और वहीं फोन देने के बहाने उसको बुलाया। वह उनके द्वारा बताए गए होटल के कमरे में पहुँच गया और जब वह वॉशरूम करने गया तो, मौका पाकर वो लोग उसके 2 लाख रुपये नगद, 1 मोबाइल चोरी करके भाग गया तथा जाते समय होटल के कमरे को बाहर से लॉक कर गए। इस संबंध में BNS की धारा 305 व 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी नरेन्द्र शर्मा
के नेतृत्व में गठित टीम ने एकत्रित की गई सूचनाओं का अवलोकन करते हुए तथा पुलिस तकनीकी का प्रयोग करके इस वारदात को अंजाम देने वाले 1 आरोपी को 15.01.2026 को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद गालिब रजा (उम्र-30 वर्ष) निवासी गाँव पोखरेरा जिला सीतामढ़ी (बिहार) वर्तमान किराएदार पहाड़गंज (दिल्ली) के रूप में हुई।
आरोपी से प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि वह एक संगठित अंतर्राष्ट्रीय ठग गिरोह का सक्रिय सदस्य है। वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विशेष रूप से विदेशी नागरिकों को सस्ते इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का लालच देकर भारत बुलाकर ठगी व चोरी करने की वारदातों को अंजाम देता है। शिकायतकर्ता/पीड़ित के साथ भी उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उपरोक्त प्रकार से ठगी करते हुए चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में यह भी ज्ञात हुआ कि ठगी करके चोरी की गई 2 लाख रुपये को नगदी में से इसके हिस्से में 50 हजार रुपये आए थे। वह भारत सहित नेपाल में भी इस प्रकार की कई वारदातों को अंजाम देने में संलिप्त रहा है।
गुरुग्राम पुलिस सभी से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए “सस्ते इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स”, “भारी डिस्काउंट” या विदेश से सस्ता फोन मंगवाने जैसे प्रलोभनों में न आएं।
किसी भी प्रकार का लेन-देन केवल भरोसेमंद, अधिकृत व सुरक्षित माध्यमों से ही करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या किसी भी उचित व सरल माध्यम से पुलिस को अवश्य दें।




