Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: ढाबे के सामने ट्रैक्टर खड़ा करने पर विवाद, चोट लगने से सब्जी विक्रेता की मौत; आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 26 अक्टूबर 2026। गुरुग्राम के कासन गांव में ढाबे के सामने ट्रैक्टर खड़ा कर प्याज बेचने को लेकर हुए विवाद में 35 वर्षीय सब्जी विक्रेता आत्माराम की मौत हो गई। आरोप है कि ढाबा संचालक श्रवण ने डंडे से आत्माराम के पैर पर वार किया था। चोट की जटिलताओं के चलते आत्माराम की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 36 वर्षीय आरोपी श्रवण को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर हुआ था विवाद: पुलिस के मुताबिक, आत्माराम मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के दुलौठ अहीर गांव का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ पिछले करीब तीन महीने से जमालपुर-पचगांव रोड पर शिव मंदिर के सामने झुग्गी बनाकर रह रहा था। परिवार आसपास के इलाकों में सब्जियां बेचकर गुजारा करता था।
20 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 8 बजे आत्माराम प्याज बेचने के लिए अपना ट्रैक्टर लेकर कासन-मानेसर रोड पर श्रवण के ढाबे के पास पहुंचा। उसने अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने ट्रैक्टर खड़ा किया था। इसी बात को लेकर उसकी ढाबा संचालक श्रवण और उसके साथी के साथ कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इस दौरान श्रवण ने डंडे से आत्माराम के बाएं पैर पर वार कर दिया। चोट लगने के बाद आत्माराम पट्टी करवाकर अपनी झुग्गी में लौट गया। उसके पैर में काफी दर्द था।
सुबह झुग्गी में मृत मिला आत्माराम: पुलिस को 20 अक्टूबर की शाम कासन गांव में झगड़े की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। पुलिस ने घायल व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश भी की, लेकिन बात नहीं हो सकी।
अगली सुबह 21 अक्टूबर को पुलिस को सूचना मिली कि आत्माराम अपनी झुग्गी में मृत मिला है। इसके बाद पुलिस टीम जमालपुर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
आत्माराम की पत्नी की शिकायत, घटनास्थल के निरीक्षण और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने 25 अक्टूबर को मामला दर्ज किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पैर में लगी चोट से पैदा हुई जटिलताएं मौत का कारण बनीं।
आरोपी दो दिन के पुलिस रिमांड पर: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 अक्टूबर को श्रवण (36), निवासी गांव कासन, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में ट्रैक्टर खड़ा करने को लेकर विवाद और डंडे से मारपीट की बात सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब मामले में आगे की पूछताछ और जरूरी बरामदगी की कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है।




