भोंडसी थाना क्षेत्र में सीएंडडी वेस्ट रोकथाम के दौरान हादसा, पिकअप चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
अवैध सीएंडडी डंपिंग को रोकने के लिए गठित सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स द्वारा शहर में राउंड ओ क्लॉक की जा रही है निगरानी
टीम की प्रभावी निगरानी के चलते जुलाई माह से अब तक 324 चालान करते हुए लगाया गया है 82.95 लाख रुपये का जुर्माना
गत वर्ष अवैध डंपिंग के मामले में 33 वाहन मालिकों के विरुद्ध 29 एफआईआर भी कराई गई थी दर्ज
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 जनवरी। नगर निगम गुरुग्राम की सीएंडडी वेस्ट डंपिंग रोकथाम ड्यूटी के दौरान हाईवे पर एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। थाना भोंडसी क्षेत्र में नगर निगम सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स की गाड़ी को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने लापरवाही से चलाते हुए टक्कर मार दी। जिससे वाहन पलट गया और उसमें सवार चार कर्मचारी घायल हो गए। इस संबंध में भोंडसी थाने में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है
सीएंडडी वेस्ट डंपिंग रोकथाम के दौरान हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार नगर निगम की सरकारी गाड़ी आज सुबह हाईवे पर सुभाष चौक से भोंडसी की ओर गश्त पर थी। गाड़ी में चालक नवीन सहित नगर निगम के कर्मचारी अरुण, सचिन और एसपीओ राकेश मौजूद थे। इसी दौरान एक पिकअप चालक ने अचानक कट मारते हुए लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे पिकअप की पिछली साइड सरकारी गाड़ी के ड्राइवर साइड से टकरा गई और गाड़ी पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार एसपीओ राकेश, डीईओ अरुण, सचिन और चालक नवीन को चोटें आईं। पीछे चल रही नगर निगम की दूसरी पेट्रोलिंग पार्टी ने तत्काल मौके पर पहुंचकर पलटी हुई गाड़ी को सीधा करवाया और घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर थाना भोंडसी में एफआईआर नंबर 27 / 18 जनवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 व 125(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी को इस हादसे के संबंध में जानकारी हो तो पुलिस को सूचित करें।
सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स राउंड ओ क्लॉक कर रही निगरानी
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम की सेनिटेशन सिक्योरिटी फोर्स (एसएसएफ) सप्ताह के सातों दिन राउंड ओ क्लॉक निगरानी कर रही है। टीम द्वारा अवैध डंपिंग के मामले में जुलाई माह से अब तक 324 चालान करते हुए 82.95 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इससे पूर्व भी एसएसएफ टीम द्वारा 33 वाहन मालिकों या चालकों के विरुद्ध अलग-अलग थानों में 29 एफआईआर दर्ज कराई गई थी तथा अवैध डंपिंग के मामले में अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लंघनकर्ताओं पर 54 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
सार्वजनिक स्थान पर कचरा व मलबा डालना दंडनीय अपराध
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि नगर निगम गुरुग्राम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाए रखने के लिए कचरा प्रबंधन नियमों के सख्त पालन पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा, निर्माण एवं तोड़फोड़ (सी एंड डी) मलबा डालना कानूनन दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने कहा कि सडक़ों, खाली प्लॉटों, नालों, पार्कों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कचरा या मलबा फेंकने से न केवल शहर की स्वच्छता प्रभावित होती है, बल्कि जल निकासी बाधित होने, प्रदूषण बढ़ने और नागरिकों को असुविधा का भी सामना करना पड़ता है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नगर निगम की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा या मलबा डालते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति/संस्था के विरुद्ध चालान, जुर्माना और आवश्यकतानुसार एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे के वैज्ञानिक निस्तारण की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति या एजेंसी की है। नगर निगम गुरुग्राम स्वच्छता नियमों के पालन को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



