स्कूल परीक्षा संगम पोर्टल से डाउनलोड करके छात्रों को देंगे, नाम, जन्मतिथि चेक करनी होगी
Bilkul Sateek News
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की दसवीं व बारहवीं परीक्षा का काउंटडाउन शुरु हो गया है। सीबीएसई ने दोनों कक्षाओं की परीक्षाओं में बैठने वाले विद्यार्थियों के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं।
यह जानकारी देते हुए सीबीएसई के सिटी कॉर्डिनेटर व डी ए वी पुलिस पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल बलवंत बिश्नोई ने बताया कि एडमिट कार्ड को सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किया जा सकता है। हालांकि इसे विद्यार्थी डाउनलोड नहीं कर सकते हैं। स्कूल सीबीएसई के परीक्षा संगम पोर्टल से डाउनलोड करके इसे विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएंगे।
स्कूल परीक्षा संगम पोर्टल पर अपने यूजर आईडी और पासवर्ड के माध्यम से एडमिट कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं। एडमिट कार्ड डाउनलोड होने के बाद उस पर दर्ज ब्योरे को वेरिफाई किया जाएगा। स्कूल प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और स्कूल की मुहर के बाद ही विद्यार्थी को एडमिट कार्ड मिलेगा।
एडमिट कार्ड लेने के बाद विद्यार्थियों को उस पर दर्ज अपने नाम, माता-पिता के नाम, स्कूल के नाम, रोल नंबर, परीक्षा सेंटर का पता, सेंटर रिपोर्टिंग समय, जन्म तिथि, फोटो और हस्ताक्षर को चेक करना होगा।
विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड की हार्ड कॉपी परीक्षा सेंटर पर ले जानी होगी। स्कूलों की सलाह है कि एडमिट कार्ड पर दिए गए दिशा निर्देशों को ध्यान से पढ़ें जिससे कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।
परीक्षा के समय होने वाली परेशानी से बचने के लिए छात्रों को भी सचेत रहने के निर्देश दिए गए। मालूम हो कि दसवीं व बारहवीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरु होने जा रही हैं। जहां दसवीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी जबकि बारहवीं की परीक्षाएं 10 अप्रैल को समाप्त होंगी।
जिला नूंह में सीबीएसई के दस परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।



