गुरुग्राम में सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त सख्त, लापरवाही पर एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
गुरुग्राम में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से लेकर रोड स्वीपिंग तक की होगी निगरानी, एक सप्ताह में गाड़ियों का GPS इंटीग्रेशन पूरा करने के निर्देश
गुरुग्राम, 21 नवंबर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों और सफाई एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि सफाई के नाम पर लापरवाही या केवल कागजों में काम दिखाने का रवैया अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर सफाई कार्यों की निगरानी करनी होगी और यह देखना होगा कि एजेंसियां वास्तव में तय शर्तों के मुताबिक काम कर रही हैं या नहीं। काम में लापरवाही मिलने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने तक की कार्रवाई की जा सकती है।

शनिवार को निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सड़कों की सफाई, रोड स्वीपिंग मशीनों, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में लगी एजेंसियों के कर्मचारियों, वाहनों, मशीनरी और दूसरे संसाधनों की नियमित जांच की जाए। टेंडर में जितने कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध कराने की शर्त रखी गई है, एजेंसियां उसे पूरी तरह पूरा करें।
घरों से रोज कूड़ा उठ रहा है या नहीं, मौके पर जाकर जांचेंगे अधिकारी: डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नई एजेंसियों को काम शुरू करने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्हें सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट, पार्किंग स्थल और अन्य जरूरी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर से कूड़ा उठाने का काम सुचारू रूप से शुरू कर सकें।
उन्होंने संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को यह पता लगाना होगा कि कितने वाहन रोजाना सड़कों पर उतर रहे हैं और कितने घरों से प्रतिदिन कूड़ा उठाया जा रहा है। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि सिर्फ रिपोर्ट में बेहतर आंकड़े दिखाने से काम नहीं चलेगा। अधिकारी खुद मौके पर जाकर जांच करें कि लोगों के घरों से नियमित रूप से कूड़ा उठाया जा रहा है या नहीं।
एक सप्ताह में गाड़ियों का GPS इंटीग्रेशन करना होगा पूरा: कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की निगरानी को तकनीक से जोड़ने के लिए निगमायुक्त ने एक सप्ताह के भीतर GPS इंटीग्रेशन पूरा करने का निर्देश दिया है। खास तौर पर स्टॉप गैप व्यवस्था के तहत लगाई गई गाड़ियों को GPS सिस्टम से जोड़ना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही एजेंसियों को GPS और RFID से जुड़े सभी जरूरी काम तय समय में पूरे करने होंगे।
निगमायुक्त ने साफ कर दिया कि एजेंसियों को भुगतान केवल काम की वास्तविक स्थिति और टेंडर की शर्तें पूरी करने के आधार पर ही किया जाएगा। GPS इंटीग्रेशन समेत जरूरी शर्तें पूरी नहीं करने वाली एजेंसियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
उन्होंने संयुक्त आयुक्तों को संबंधित वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन वाहनों की जांच करने को भी कहा। इससे यह पता चल सकेगा कि एजेंसियां निर्धारित संख्या में गाड़ियां चला रही हैं या नहीं और लोगों को नियमित सेवा मिल रही है या नहीं।
सड़कों के साथ ग्रीन बेल्ट की सफाई पर भी नजर: शहर की सड़कों की सफाई के लिए लगाई गई रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मशीनों की कार्यक्षमता पर नजर रखें और यह सुनिश्चित करें कि उनका सही तरीके से इस्तेमाल हो रहा है।
उन्होंने कहा कि सफाई केवल मुख्य सड़कों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। सड़कों के आसपास बनी ग्रीन बेल्ट और अन्य सार्वजनिक व हरित क्षेत्रों की सफाई भी नियमित रूप से होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को सफाई एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करने को कहा गया।
कूड़े के ढेर और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश: शहर में कूड़ा जमा होने वाले गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) को लेकर भी निगमायुक्त ने सख्ती दिखाई। उन्होंने सभी जीवीपी की नियमित और तय समय पर सफाई कराने के निर्देश दिए। जहां जरूरत हो, वहां इन स्थानों को कवर करने की व्यवस्था भी की जाए, ताकि खुले में कूड़ा जमा होने और गंदगी फैलने की समस्या को कम किया जा सके।
इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और रखरखाव को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने कहा कि इन सुविधाओं की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों को साफ और इस्तेमाल करने लायक शौचालय मिल सकें।
सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति पर निगरानी रखने के लिए सभी कर्मचारियों को एसडब्ल्यूएम मॉनिटरिंग पोर्टल पर रोजाना अपनी हाजिरी दर्ज करनी होगी। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि कितने कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद हैं और सफाई का काम सही तरीके से हो रहा है या नहीं।
अधिकारियों की जवाबदेही भी होगी तय: निगमायुक्त डॉ. पंकज ने बैठक में अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने की जिम्मेदारी केवल सफाई एजेंसियों की नहीं, बल्कि निगरानी करने वाले अधिकारियों की भी है। इसलिए सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड में जाएं और काम की वास्तविक स्थिति का जायजा लें।
उन्होंने कहा कि एजेंसियों को टेंडर की शर्तों के मुताबिक काम करना होगा और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल हो। केवल बैठकें करने और रिपोर्ट तैयार करने से शहर साफ नहीं होगा। इसके लिए जमीनी स्तर पर काम करना जरूरी है।
बैठक में अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका और रविन्द्र यादव सहित संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और वरिष्ठ सफाई निरीक्षक मौजूद रहे।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




