गुरुग्राम 07 फरवरी
हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने केंद्रीय बजट 2026-27 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को समर्पित है।
कैबिनेट मंत्री शनिवार को बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव दरबारीपुर में केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी सहित पार्टी पदाधिकारी, किसान और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग के बजट में इस वर्ष 21 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। ग्रामीण विकास और कृषि मंत्रालय का संयुक्त बजट बढ़कर 4 लाख 35 हजार 779 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो सरकार की गांव और किसान के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि कृषि विभाग का बजट बढ़ाकर 1,32,561 करोड़ रुपये किया गया है। कृषि अनुसंधान के लिए आईसीएआर को 9,967 करोड़ रुपये तथा किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराने के लिए 1,70,944 करोड़ रुपये की उर्वरक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है।

मंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से शुरू होगा और यह बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए ऐतिहासिक होगा। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, महिलाओं और किसानों को सशक्त बनाने वाला है और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।



