गुरुग्राम में 9 से 11 फरवरी तक राज्य स्तरीय सीएम कप-2025 प्रतियोगिता और 38वें नेशनल गेम्स के मेडल विजेता खिलाड़ियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस तीन दिवसीय खेल महोत्सव का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे।

उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से करीब 3600 खिलाड़ी और लगभग 500 नेशनल अवॉर्डी खिलाड़ी भाग लेंगे। आयोजन को लेकर खिलाड़ियों व अतिथियों के ठहरने, खान-पान, चिकित्सा, सुरक्षा और यातायात समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
सीएम कप के अधिकांश मुकाबले नेहरू स्टेडियम और ताऊ देवीलाल स्टेडियम में होंगे, जहां फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन पलवल जिले में किया जाएगा।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूती देते हैं। उन्होंने नागरिकों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की अपील की है।



