गुरुग्राम, 10 फरवरी 2026
गुरुग्राम की सड़कों को सुरक्षित और शांत बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस गुरुग्राम द्वारा बुलेट पटाखा बाइक और नॉन-फंक्शनल साइलेंसर के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक पूरे जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए बुलेट पटाखा बाइक का प्रयोग करने वाले कुल 80 वाहन चालकों के चालान किए गए, जिनसे कुल 8 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस के अनुसार, इस प्रकार की बाइकों से निकलने वाली तेज और पटाखे जैसी आवाज़ न केवल आमजन के लिए परेशानी का कारण बनती है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर खतरा पैदा करती है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ दोपहिया वाहन चालक अपनी मोटरसाइकिलों में अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न या पटाखा साइलेंसर लगवाकर सार्वजनिक शांति भंग करते हैं। ऐसे वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क हादसों को रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया, जो आगे भी समय-समय पर जारी रहेगा।
यातायात पुलिस गुरुग्राम ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन पर केवल दो ही लोग सवार हों, हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, गलत या विपरीत दिशा में वाहन न चलाएं तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन या किसी भी प्रकार के नशे का प्रयोग न करें। साथ ही रेड लाइट पर वाहन को स्टॉप लाइन से पहले रोकें और सभी यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस ने आमजन से विशेष रूप से आग्रह किया है कि वे अपनी बाइकों में पटाखा साइलेंसर या प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल न करें और जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।
यातायात पुलिस गुरुग्राम ने कहा कि वह सदैव नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।



