Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हर शादी में शहनाई की गूंज खुशियों का पैगाम लाती है, लेकिन गुरुग्राम के पालम विहार सेक्टर 22B में एक बारात की खुशी अचानक खौफ और अफरातफरी में बदल गई। सेक्टर 22B स्थित कम्युनिटी सेंटर में पहुंची वाल्मीकि समाज की बारात पर कुछ दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। देखते ही देखते जश्न का माहौल चीख-पुकार में तब्दील हो गया।

जानकारी के अनुसार, बारात मोलाहेड़ के सरकारी स्कूल से पारंपरिक रीति-रिवाजों और गाजे-बाजे के साथ निकली थी। नाचते-गाते बाराती जैसे ही सेक्टर 22B कम्युनिटी सेंटर की ओर बढ़ रहे थे, तभी कार सवार 2 से 3 युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ये युवक शराब के नशे में थे और बारात में शामिल लोगों से रास्ता खाली करने को लेकर बहस करने लगे।

जब तक बाराती कुछ समझ पाते, कार सवार युवकों ने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि थोड़ी ही देर में एक दर्जन से अधिक लाठी-डंडों से लैस दबंग कम्युनिटी सेंटर पहुंच गए और जो सामने आया, उसे पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई।
दूल्हे के परिजनों का कहना है कि जैसे ही बारात कम्युनिटी सेंटर पहुंची, हमलावरों ने न केवल लोगों को बेरहमी से पीटा बल्कि तोड़फोड़ भी की। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूल्हे की एक करीबी महिला रिश्तेदार को भी लाठी-डंडों से मारा गया, जिससे वह भी घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पालम विहार थाने से एएसआई राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। जांच अधिकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि साइड देने को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि कार और हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। जो जगह कुछ देर पहले ढोल-नगाड़ों की थाप से गूंज रही थी, वहां अब सन्नाटा और दहशत पसरी हुई है। बारात में शामिल लोगों के चेहरों पर डर और मायूसी साफ देखी जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।




