Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 21 फरवरी 2026
गुरुग्राम में आयोजित “सरस आजीविका मेला 2026” अपने अंतिम वीकेंड पर उत्साह के शिखर पर पहुंच गया। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित इस भव्य मेले में देशभर से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपनी मेहनत, हुनर और परंपरा का जीवंत प्रदर्शन किया। मेले के हर कोने में खरीदारों और दर्शकों की चहल-पहल साफ दिखाई दी। ऐसा लगा मानो विविधता ने यहां अपना रंगीन दरबार सजा लिया हो।

खाद्य उत्पादों से लेकर हस्तशिल्प और प्राकृतिक सजावटी वस्तुओं तक, हर स्टॉल अपने आप में एक कहानी कहता नजर आया। आंध्रप्रदेश के विनायका स्वयं सहायता समूह के “लक्ष्मी प्रोडक्ट्स” ने पारंपरिक अचार जैसे आम, नींबू, टमाटर, मिर्च और गोंगुरा के साथ मसालों और मुरुक्कू, रागी व ज्वार मिक्सचर जैसे स्नैक्स से स्वाद प्रेमियों को आकर्षित किया। वहीं असम के ‘मा लक्ष्मी’ समूह द्वारा केन और बांस से तैयार कप, मग, लाइट्स और सजावटी वस्तुएं पर्यावरण के प्रति जागरूक लोगों की पहली पसंद बनी रहीं।

मणिपुर के ‘असाओमांग’ समूह ने काउना घास से बने मैट और बैग प्रस्तुत कर प्रकृति और परंपरा का अद्भुत संगम दिखाया। दक्षिण भारत के समूहों द्वारा मोती और रत्नों से तैयार रिंग, चेन और नेकलेस सेट महिलाओं को विशेष रूप से आकर्षित करते दिखाई दिए। केमिकल मुक्त और प्राकृतिक सुगंध वाली मोमबत्तियां भी लोगों की खरीदारी सूची में शामिल रहीं।

मेले का फूड कोर्ट तो मानो स्वाद का उत्सव बन गया। स्वस्थ और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू दूर से ही आगंतुकों को अपनी ओर खींच लाई। परिवारों और युवाओं ने स्थानीय और क्षेत्रीय पकवानों का आनंद लिया, जिससे मेले का वातावरण और भी जीवंत हो उठा।
सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायिका जैस्मिन कौर की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। पूरे दिन की खरीदारी के बाद जब उनकी मधुर आवाज मंच से गूंजी तो दर्शकों की थकान मानो हवा हो गई। उनकी ऊर्जा से भरपूर प्रस्तुति पर लोग देर तक झूमते और नाचते नजर आए। दर्शकों ने कहा कि जैस्मिन कौर की गायिकी ने मेले के अनुभव को यादगार बना दिया।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में आगंतुक मेले में पहुंच रहे हैं और ‘स्वदेशी अपनाओ’ के संदेश को मजबूत कर रहे हैं। यह मेला न केवल खरीदारी का केंद्र बना है, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति, स्वाद और कला का जीवंत संगम भी साबित हो रहा है।
📞 संपर्क: 9817619376, 9289841801




