गुरुग्राम | 28 फरवरी 2026
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-40 टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है।

गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को 27 फरवरी 2026 को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर टीम ने सेक्टर-85 स्थित जेनिसिस हॉस्पिटल के पास नाकाबंदी कर एक कार को रोका। तलाशी लेने पर कार से 22 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
आरोपी कौन हैं?
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनंजय सोनी (30 वर्ष) और बाबू प्रजापति (20 वर्ष) पहचान के तौर पर हुई है। दोनों निवासी गांव सरवाई, जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं।
कार में बनाए थे गुप्त बॉक्स
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गांजा तस्करी में संलिप्त हैं। उन्होंने कार के इंजन और नंबर प्लेट के पीछे विशेष रूप से गुप्त लोहे के बॉक्स बनवा रखे थे, जिनमें अवैध मादक पदार्थ छिपाकर ओडिशा से गुरुग्राम लाते थे।
आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से लगभग 4 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से गांजा खरीदते थे और एनसीआर क्षेत्र में 10 से 12 हजार रुपये प्रति किलो के भाव से बेचते थे। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी पांच बार ओडिशा से गांजा लाकर दिल्ली और गुरुग्राम में सप्लाई कर चुके हैं।
पहले भी दर्ज है मामला
आरोपी धनंजय सोनी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला है कि उसके खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत ओडिशा में एक मामला दर्ज है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
इस संबंध में थाना खेड़की दौला में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले की जांच जारी है।




