Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
सुशांत लोक और साउथ सिटी में तीसरा अभियान, 17 से ज्यादा संपत्तियों पर कार्रवाई
गुरुग्राम: सुशांत लोक-1 और साउथ सिटी-1 में अवैध निर्माण और रिहायशी मकानों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की कार्रवाई लगातार तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को विभाग ने एक साथ तीन टीमें मैदान में उतारीं। अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई के दौरान 17 से ज्यादा संपत्तियों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की गई।

इससे पहले चलाए गए दो अभियानों में करीब 27 संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। बुधवार को तीसरे अभियान में डीटीपीई अमित मधोलिया, एटीपी दिव्या दहिया और एटीपी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नवीन कुमार के नेतृत्व में तीन टीमों ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की।
सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में कई इमारतों पर कार्रवाई: डीटीपीई अमित मधोलिया के नेतृत्व वाली टीम ने सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक में कई मकानों पर कार्रवाई की। टीम में कनिष्ठ अभियंता रविंद्र भी शामिल रहे।
मकान नंबर B-703 में स्टिल्ट, चार मंजिल और बेसमेंट वाले भवन में क्योमी सर्विस अपार्टमेंट के नाम से गेस्ट हाउस चल रहा था। स्टिल्ट में बने रिसेप्शन, पुरुष और महिला शौचालय, डाइनिंग एरिया और किचन को तोड़ा गया। वहीं ऊपर की चार मंजिलों पर बने 28 कमरों समेत पूरी इमारत को सील कर दिया गया।
B-711 में स्वीकृत मंजिलों के अलावा चौथी मंजिल बनाई गई थी। भवन के अलग-अलग हिस्सों में टाइल की दुकान, हेल्थ सेंटर, जिम, योग सेंटर और फर्नीचर व होम डेकोर से जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं। पूरी इमारत को सील कर दिया गया।
B-710 में बेसमेंट में खेल एवं मनोरंजन केंद्र, स्टिल्ट में गोदाम और ऊपर की मंजिलों पर कार्यालय चल रहा था। इसे भी सील किया गया।
B-708 में फ्लोरिन स्टायज के नाम से होटल और गेस्ट हाउस चल रहा था। यहां 12 कमरों को सील किया गया।
B-583A में लाइम ट्री गेस्ट हाउस चल रहा था, जिसकी अनुमति होने की बात विभाग ने बताई। हालांकि बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील किया गया। पीछे खुले हिस्से में बनी ‘कॉफी विद लव’ दुकान के अनधिकृत निर्माण को तोड़ा गया। सामने बने घरेलू सहायक कक्ष और किचन के साथ अनधिकृत साइड एंट्री के खिलाफ भी कार्रवाई की गई और साइड एंट्री को सील कर दिया गया।
B-583 में एलिस्टे गेस्ट हाउस चल रहा था। बेसमेंट में बने समारोह कक्ष को सील किया गया। इसके अलावा पहली से तीसरी मंजिल तक बने कमरों सहित पूरी इमारत को सील कर दिया गया।
साउथ सिटी-1 में स्टिल्ट पार्किंग के दुरुपयोग पर कार्रवाई: साउथ सिटी-1 के बी ब्लॉक में एटीपी दिव्या दहिया के नेतृत्व वाली टीम ने अवैध निर्माण और स्टिल्ट पार्किंग के व्यावसायिक इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की।
B-115 में स्टिल्ट पर किए गए अनधिकृत निर्माण को तोड़ा गया।
B-98A में स्टिल्ट फ्लोर पर किए गए निर्माण को ध्वस्त किया गया, जबकि पहली से तीसरी मंजिल तक चल रहे पीजी के 23 कमरों को सील किया गया।
B-88 में पीछे के खुले हिस्से में बनाए गए अनधिकृत शौचालय को तोड़ा गया।
B-89 में स्टिल्ट फ्लोर पर किए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त किया गया।
B-73A और B-73 में स्टिल्ट फ्लोर पर घरेलू सहायक कक्ष के तौर पर किए गए अनधिकृत निर्माण को तोड़ा गया।
सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में भी सीलिंग: तीसरी टीम ने एटीपी एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट नवीन कुमार के नेतृत्व में सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में कार्रवाई की। टीम में प्लानिंग असिस्टेंट ओम प्रकाश और कनिष्ठ अभियंता आकाश राव व आनंद शामिल रहे।
A-408A में गेस्ट हाउस के तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे भवन को सील किया गया।
A-654 के बेसमेंट में चल रहे कार्यालय को सील किया गया।
A-300A में स्टिल्ट पर बनाए गए श्रमिक कक्ष को ध्वस्त किया गया।
A-307A में स्टिल्ट पर बनाए गए कमरों को सील किया गया।
A-332A में स्टिल्ट पर बनाए गए श्रमिक कक्ष को सील किया गया।
तीन टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा: बुधवार की कार्रवाई में विभाग ने पहली बार इस अभियान के तीसरे चरण में एक साथ तीन टीमों को अलग-अलग स्थानों पर भेजा। एक टीम ने सुशांत लोक-1 के बी ब्लॉक, दूसरी ने साउथ सिटी-1 के बी ब्लॉक और तीसरी टीम ने सुशांत लोक-1 के ए ब्लॉक में कार्रवाई की।
विभाग के मुताबिक, पिछले दो अभियानों में करीब 27 संपत्तियों पर कार्रवाई की जा चुकी है। बुधवार के अभियान में 17 से ज्यादा संपत्तियों पर सीलिंग और तोड़फोड़ की गई।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों के रिहायशी मकानों में स्वीकृत नक्शे और निर्धारित उपयोग के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। सर्वे के दौरान सामने आने वाले मामलों में भी नियमानुसार सीलिंग और तोड़फोड़ की कार्रवाई की जाएगी।




