Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Auhtor: Pardeep Narula
गुरुग्राम | 09 मार्च 2026 गुरुग्राम पुलिस ने अमानत में दी गई 37 लाख रुपये की नकदी हड़पने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 07 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना बिलासपुर, जिला गुरुग्राम में लिखित शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके साले की रेवाड़ी में पत्थर और मार्बल की दुकान है, जहां राजू नाम का व्यक्ति सेल्समैन के रूप में काम करता था।

शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता के कहने पर उसके एक दोस्त ने 37 लाख रुपये नकद गुरुग्राम के राजीव चौक पर राजू और उसके साथी को दिए थे, ताकि वे यह रकम रेवाड़ी पहुंचा दें। लेकिन आरोप है कि राजू ने अपने साथी गोपाल के साथ मिलकर साजिश रची और रकम को शिकायतकर्ता तक नहीं पहुंचाया, बल्कि अमानत की रकम हड़प ली। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने थाना बिलासपुर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
बिलासपुर चौक से दबोचे गए आरोपी
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 08 मार्च 2026 को बिलासपुर चौक, गुरुग्राम से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू (30 वर्ष) निवासी गांव माधोपुरा, जिला जयपुर (राजस्थान) गोपाल (32 वर्ष) निवासी गांव सुनाडिया, जिला जयपुर (राजस्थान)
के रूप में हुई है।
गन प्वाइंट पर लूट की झूठी कहानी बनाई
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि राजू पिछले करीब दो साल से मार्बल व्यवसाय में सेल्समैन के तौर पर काम कर रहा था। जब उसे गुरुग्राम से रुपये लाने के लिए कहा गया तो वह अपने मौसी के बेटे गोपाल के साथ यहां आया। दोनों आरोपियों ने पैसे लेने के बाद रकम गोपाल को दे दी और बाद में पुलिस से बचने के लिए झूठी कहानी गढ़ी कि उनसे गन प्वाइंट पर लूट हो गई। जांच में यह कहानी झूठी निकली और साजिश का खुलासा हो गया।
पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों को 09 मार्च 2026 को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि रकम की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।




