Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के अर्बन एस्टेट इलाके में एक ऐसी चोरी हुई है, जो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगती। चोर आया, देखा… और सिर्फ 13 मिनट में 30 लाख का माल समेटकर चलता बना। मंगलवार दोपहर करीब 2:33 बजे एक शख्स घर में घुसता है। उस वक्त घर पूरी तरह खाली था। पति-पत्नी ऑफिस में थे और बुजुर्ग मां नवरात्र का सामान लेने बाजार गई हुई थीं।

सीसीटीवी में जो दिखा, वो और भी हैरान करने वाला है — चोर खाली हाथ अंदर गया और 2:46 बजे बाहर निकला, लेकिन इस बार उसके हाथ में बैग था… और उसी बैग में था लाखों का माल। करीब तीन घंटे बाद जब बुजुर्ग महिला घर लौटीं, तो नजारा देखकर सन्न रह गईं। दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर जाकर देखा तो लॉकर भी तोड़े जा चुके थे।

घर में रखी कीमती ज्वैलरी गायब थी —
सोने के मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, हार, नथ, बाली… यहां तक कि नकद पैसे और चांदी के गहने भी साफ।
पीड़ित, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर है, ने तुरंत पुलिस को 112 पर कॉल किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही गिरफ्त में होगा।




