Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 21 मार्च 2026: गुरुग्राम के सेक्टर-10 क्षेत्र में 23 वर्षीय महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला दहेज हत्या का सामने आया है, जिसमें आरोप है कि पति ने इंजेक्शन लगाकर पत्नी की हत्या की।

पुलिस के अनुसार, 18 मार्च 2026 को सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक महिला को मृत अवस्था में लाया गया है। सूचना मिलते ही सेक्टर-93 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
मृतका के भाई ने शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी नवंबर 2025 में अरुण शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही आरोपी पति दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था। आरोप है कि वह छोटी-छोटी बातों पर मारपीट करता था और पैसों की मांग को लेकर दबाव बनाता था।

शिकायत के अनुसार, 17 मार्च की रात आरोपी ने नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट की। अगले दिन सुबह वह पत्नी को नीचे कमरे में ले गया, जिसके कुछ समय बाद महिला बेहोश हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और परिजनों के बयान के आधार पर सेक्टर-10 थाने में मामला दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने 20 मार्च को सेक्टर-89 से आरोपी पति अरुण शर्मा (26) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गुरुग्राम के एक नर्सिंग होम में काम करता है और नशा करता है। उसने यह भी कबूल किया कि 18 मार्च को उसने अपनी पत्नी को एक इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।




