Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 23 मार्च 2026: गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी थाना क्षेत्र में मकान का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चाँदी के आभूषणों के साथ-साथ चोरी के पैसों से खरीदी गई एक बाइक भी बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना न्यू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी कि दयाल मार्केट, अर्बन एस्टेट न्यू कॉलोनी स्थित उसके मकान का ताला तोड़कर अज्ञात व्यक्ति ने आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-39, गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान रोहित निवासी गांव चिलहेटा, जिला बांदा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में चोरी की दो अन्य वारदातों को भी अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी के 9 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 सोने के हार, 1 मंगलसूत्र, 4 जोड़ी सोने की बालियाँ, 1 माँग टीका, 1 सोने की नथ, 3 नथनी, 4 जोड़ी चाँदी की पायल, 1 चाँदी का गुच्छा, 14 जोड़ी बिछिया, 1 चाँदी की कमरबंद सहित अन्य आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा, चोरी के पैसों से खरीदी गई एक बाइक भी जब्त की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




