Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शकूरपुर इलाके में शनिवार को कब्रिस्तान इलाके में एक जेसीबी मशीन ने 27 वर्षीय युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शकूरपुर के मोहम्मद हुसैन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है और आरोपी को पकड़ लिया है।
उत्तर पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुभाष प्लेस थाना पुलिस को शनिवार को जानकारी मिली थी कि कब्रिस्तान इलाके में जेसीबी मशीन ने एक युवक को टक्कर मार दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि जेसीबी मशीन ने एक व्यक्ति को रौंद दिया था। मौके पर मौजूद लोगों ने जेसीबी चालक को पकड़ लिया। चालक आशीष उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गांव गंभीरपुर का रहने वाला है।

पार्क लेवलिंग का काम करने जा रहा था
प्रारंभिक जांच में पता चला कि चालक बेरीवाला बाग, शकूरपुर में पार्क लेवलिंग का काम करने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। पुलिस ने साफ किया है कि हादसे में शामिल जेसीबी मशीन का किसी सरकारी विभाग या एजेंसी से इसका कोई संबंध नहीं है।




