गुरुग्राम में नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा, 357 गिरफ्तार; 16 की अवैध संपत्तियां ध्वस्त
गुरुग्राम, 12 नवंबर। साइबर सिटी गुरुग्राम में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस साल 31 अक्टूबर तक पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 247 मामले दर्ज कर 357 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब 1037 किलो गांजा, चरस, स्मैक, हेरोइन, पॉपी हस्क, एमडीएमए समेत अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नशीले सिरप और प्रतिबंधित दवाइयां भी जब्त की गई हैं। पुलिस अब नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ-साथ उनके सप्लाई नेटवर्क और इस कारोबार से बनाई गई अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई कर रही है। अब तक 16 नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों को ध्वस्त किया जा चुका है।

इसी बीच गुरुवार को गुरुग्राम कांग्रेस कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर में बढ़ती नशा तस्करी पर चिंता जताते हुए इस पर रोक लगाने और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में पुलिस आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा गया। बैठक के दौरान नशे की समस्या, पुलिस की कार्रवाई और इसकी रोकथाम के उपायों पर चर्चा हुई। पुलिस आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
1037 किलो नशीले पदार्थ बरामद, 357 आरोपी गिरफ्तार: पुलिस आयुक्त ने बैठक में बताया कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इस साल 31 अक्टूबर तक एनडीपीएस एक्ट के 247 मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 357 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1037 किलो मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इनमें गांजा, चरस, स्मैक, हेरोइन, पॉपी हस्क और एमडीएमए सहित कई तरह के नशीले पदार्थ शामिल हैं। इसके अलावा नशीले सिरप और अन्य दवाइयां भी बरामद की गई हैं।
16 नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर चला बुलडोजर: पुलिस अब नशा तस्करी के कारोबार को सिर्फ गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इससे होने वाली कमाई पर भी चोट कर रही है। पुलिस के मुताबिक, अब तक 16 नशा तस्करों की अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है और नियमानुसार इन्हें ध्वस्त किया गया है। इस कार्रवाई का मकसद तस्करों की आर्थिक ताकत को कमजोर करना और नशे के अवैध कारोबार से होने वाली कमाई पर रोक लगाना है।
इसके अलावा आदतन और संगठित तरीके से नशा तस्करी करने वाले चार आरोपियों के खिलाफ PITNDPS एक्ट के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई भी की गई है। इस कानून के तहत ऐसे अपराधियों को दोबारा नशा तस्करी करने से रोकने के लिए निरोधात्मक कदम उठाए जाते हैं।
मुख्य सप्लायरों और सप्लाई चेन तक पहुंचने की तैयारी: गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के मामलों में पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें नशीले पदार्थ कहां से मिलते हैं और इनके पीछे कौन-कौन से बड़े सप्लायर काम कर रहे हैं। पुलिस का फोकस अब केवल स्थानीय स्तर पर नशा बेचने वालों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर है।
खासकर व्यावसायिक मात्रा में नशीले पदार्थों की बरामदगी वाले मामलों में आरोपियों की वित्तीय जांच की जा रही है। इसमें उनके बैंक खाते, लेन-देन, संपत्तियों और नशे के कारोबार से कमाए गए पैसों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि इस अवैध कारोबार में शामिल हर व्यक्ति तक पहुंचकर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
डूंडाहेड़ा बॉर्डर से उद्योग विहार तक पुलिस की नजर: शहर में नशे की स्थानीय बिक्री रोकने के लिए पुलिस ने कुछ संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी बढ़ाई है। डूंडाहेड़ा बॉर्डर, उद्योग विहार और लेबर चौक समेत ऐसे क्षेत्रों पर पुलिस की नजर है, जहां नशे की सप्लाई और बिक्री की आशंका रहती है।
इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों, पीजी और रिहायशी इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए दूसरे राज्यों की पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के साथ भी संपर्क बनाए रखा जा रहा है। अंतरराज्यीय स्तर पर काम करने वाले तस्करों की जानकारी साझा कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान: नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ पुलिस युवाओं को जागरूक करने पर भी जोर दे रही है। स्कूलों, कॉलेजों, औद्योगिक इकाइयों और रिहायशी इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘Say No to Drugs, Say Yes to Life’ के संदेश के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस नशे की लत से प्रभावित लोगों को काउंसलिंग और इलाज के लिए सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचने के लिए भी प्रेरित कर रही है। हरियाणा सरकार के नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस, प्रशासन, पंचायतों और सामाजिक संगठनों को भी इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
नशा तस्करी की सूचना इन नंबरों पर दें: पुलिस आयुक्त ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि नशा तस्करों, उनके मुख्य सप्लायरों और अवैध कारोबार से बनाई गई संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति को अपने आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है तो वह डायल-112, राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1933 या हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के हेल्पलाइन नंबर 9050891508 पर सूचना दे सकता है। इसके अलावा गृह मंत्रालय के MANAS पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए आम लोगों, सामाजिक संगठनों और संस्थाओं का सहयोग भी जरूरी है।
Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula




