Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
द्वारका दक्षिण थाना इलाके में सिक्के व गणेश जी व नंदी की 50 किलो से ज्यादा वजन की मूर्ति चोरी कर ली गई। पुलिस ने 36 घंटे के अंदर तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी का पूरा माल बरामद कर लिया गया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। आरोपियों की पहचान गोयला डेरी के ताजपुर खुर्द के सोनू मिश्रा व पालम के अमरजीत शाह के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से चोरी का सारा सामान जब्त कर लिया गया है।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि बीते दिनों सेक्टर-7 द्वारका में एक मकान से चोरी की शिकायत मिली थी। चोरों ने घर की लोहे की खिड़की तोड़कर अंदर से चांदी के सिक्के, भगवान गणेश की करीब 30 किलो पीतल की मूर्ति, नंदी की दो 12-12 किलो की पीतल की मूर्तियां, राधा-कृष्ण की मूर्ति, 75 हजार रुपये की पेन और 5 लाख रुपये से ज्यादा मूल्य के अन्य कीमती सामान चुरा ले गए थे। द्वारका साउथ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव, मनोज, सुरेंद्र, गजे सिंह, सुधीर और कांस्टेबल तुषार की टीम ने एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह के नेतृत्व में और एसीपी किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन में छानबीन शुरू की। टीम ने 100 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज चेक किए, स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी व फिजिकल सर्विलांस किया। आखिरकार मनोज को सूचना मिली कि चोर सेक्टर-7 द्वारका के पार्क में छिपे हुए हैं। टीम ने तुरंत दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। एक आरोपी नाबालिग होने के कारण जुवेनाइल वेलफेयर ऑफिसर को बुलाया गया। पूछताछ में सभी ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में पता चला कि सभी नशेड़ी हैं। वे आस-पास के इलाकों में रहते थे, इसलिए इस क्षेत्र की जानकारी रखते थे। वह प्लान बनाकर रात के समय घर में घुसे और चांदी, पीतल व तांबे की चीजें, महंगी घड़ियां व पेन चुरा लीं।
यह सामान हुआ बरामद
भगवान गणेश की मूर्ति
पीतल की नंदी मूर्ति
दूसरी नंदी मूर्ति
राधा-कृष्ण की पीतल की मूर्ति
3 फीट ऊंची भगवान कृष्ण की पीतल की मूर्ति
75 हजार रुपये का पेन
चांदी के 5 सिक्के
सोने की प्लेटिंग वाला विजिटिंग कार्ड बॉक्स
12 किलो के करीब 4 पीतल के मंदिर के घंटे
महंगी घड़ियां और अन्य चांदी-पीतल के सामान





