Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 30 मार्च 2026। गुरुग्राम में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर झुग्गियां बनाकर लोगों से वसूली करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एचएसवीपी (HSVP) के एक अधिकारी द्वारा थाना सेक्टर-53 में दी गई शिकायत के अनुसार, जज एन्क्लेव के पीछे स्थित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से झुग्गियां बनाई गई थीं। वहां रह रहे लोगों और दुकानदारों ने पूछताछ में बताया कि वे “नरेश” नामक व्यक्ति को झुग्गी में रहने और दुकान चलाने के लिए पैसे देते हैं।

जब लोगों को यह जानकारी मिली कि जमीन सरकारी है, तो उन्होंने आरोपी से आपत्ति जताई। आरोप है कि इस पर नरेश ने उन्हें धमकाया और अवैध वसूली जारी रखी।
मामले में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। अपराध शाखा सेक्टर-39 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 30 मार्च 2026 को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नरेश यादव (35 वर्ष), निवासी वजीराबाद, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने एचएसवीपी की जमीन पर करीब 150 से 200 झुग्गियां बनवाई थीं और प्रत्येक झुग्गी से 2500 से 3000 रुपये तक की अवैध वसूली करता था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।




