Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्लीः
द्वारका जिले के डाबरी इलाके में रविवार रात को 15 मिनट में दो अलग-अलग जगह चाकूबाजी कर एक युवक की हत्या व तीन युवकों को घायल करने के मामले में द्वारका जिला पुलिस की टीम ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मधु विहार के रोहित कुमार उर्फ नोड्डी व प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशु के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, गनीमत रही कि किसी पुलिस कर्मी को चोट नहीं आई। हालांकि जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि सोमवार रात मधु विहार में दुर्गा माता मंदिर के पास गली नंबर 1 में एक व्यक्ति को चाकू मार दिया गया था। आसपास के लोगों ने घायल गोविंद झा को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इसी इलाके में कुछ ही देर बाद गली नंबर 2 में तीन अन्य युवकों को चाकू से गोदा गया। दोनों मामलों में डाबरी थाने में केस दर्ज किए गए। इसके बाद एनकाउंटर के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। कुशल पाल सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। गंभीर अपराध करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। पुलिस ने साफ किया है कि दोनों घटनाओं में कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है। अफवाहें फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पहला एनकाउंटर :
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि स्पेशल स्टाफ टीम को जानकारी मिली थी कि वारदात का एक आरोपी रोहित कुमार उर्फ नोड्डी द्वारका सेक्टर 17 के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पीछे छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर टीम ने उसे घेर लिया। रोहित ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर गोली चला दी। उसने तीन राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह के पास से गई। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की तो रोहित के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पिस्टल और एक कारतूस बरामद हुआ। जांच के दौरान पता लगा कि रोहित 16 मार्च को ही जेल से छूटा था।
दूसरा एनकाउंटर :
वहीं दूसरे मामले में एटीएस द्वारका की टीम को जानकारी मिली कि वारदात का मुख्य आरोपी प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशु नजफगढ़ नाला रोड पर स्कूटी पर सवार होकर जा रहा है। टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो प्रेम ने भी पुलिस कर्मियों पर तीन राउंड गोली चला दी। एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। पुलिस ने जब गोली चलाई तो वह प्रेम के पैर में लगी। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से पिस्टल, कारतूस व चोरी की स्कूटी बरामद हुई। जांच के दौरान पता लगा कि प्रेम पर पहले भी किडनैपिंग और हत्या का केस दर्ज है।




