Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
राजौरी गार्डन इलाके में नाइजीरियाई युवक की संदिग्ध परिस्थियों में मौत हो गई। उसकी तबीयत उस समय बिगड़ी थी, जब पुलिस उसे पकड़कर स्पेशल स्टाफ दफ्तर लेकर गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर एम्स के शवगृह में रखवा दिया है। हालांकि उसकी मौत कैसे हुई इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। फिलहाल पुलिस ने विदेश मंत्रालय, नाइजीरिया के उच्चायोग और सभी संबंधित अधिकारियों को जानकारी दे दी है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पश्चिम जिले के राजौरी गार्डन इलाके में स्पेशल स्टाफ टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति को राजौरी गार्डन के मेट्रो स्टेशन की ओर से रॉन्ग साइड काली स्कूटी पर आते देखा। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने स्कूटी भगा ली और फिर पुलिस की बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद वह स्कूटी वहीं पर छोड़कर पैदल भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। आरोपी को टैगोर गार्डन के पास स्पेशल स्टाफ ऑफिस ले जाया गया। वहां वह जांच में सहयोग नहीं कर रहा था। उसने कहा कि उसकी तबीयत बिगड़ रही है। उसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नाइजीरिया के नागरिक क्रिश्चियन एजे प्रॉमिस के रूप में हुई है। उसका शव एम्स के शव गृह में रखवाया है। पुलिस ने इस घटना की सूचना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, विदेश मंत्रालय, नाइजीरिया के उच्चायोग को दे दी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी घटना की जांच की जा रही है।




