Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 31 मार्च: गुरुग्राम में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने गांव गैरतपुर बास में छापा मारकर 64 खाली गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई घरेलू गैस सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल और अवैध स्टॉक को रोकने के लिए की गई। अधिकारियों के मुताबिक घरेलू सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पूरी तरह मना है।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अशोक रावत ने बताया कि डीसी अजय कुमार के निर्देश पर जिले में गैस की सप्लाई और वितरण पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई नियम तोड़ता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
छापेमारी के दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद टीम गांव गैरतपुर बास पहुंची, जहां एक वाहन (HR 55 AM 6507) से इंडेन के 64 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। जब वाहन मालिक हरिंद्र से पूछताछ की गई तो वह सही जवाब नहीं दे सका।
इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर सिलेंडर और वाहन जब्त कर लिया गया। मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में विभाग के अधिकारी विजय कुमार, गजेंद्र और इंदर भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि आगे भी ऐसे छापे जारी रहेंगे।
अशोक रावत ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, ज्यादा पैसे लेना या अवैध स्टॉक की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को बताएं।




