Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
रेवाड़ी, 31 मार्च। हरियाणा के रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिलों में हाल ही में हुई तेज ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। अचानक बदले मौसम और भारी ओलों की मार से गेहूं सहित कई खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। खेतों में खड़ी फसलें झुक गई हैं और कई जगह पूरी तरह बर्बाद होने की खबर सामने आ रही है।इस हालात को देखते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है और सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है।

राव इंद्रजीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि प्रभावित इलाकों में जल्द ही गिरदावरी करवाई जाएगी। इसके जरिए हर खेत में जाकर नुकसान का सही आकलन किया जाएगा, ताकि किसी भी किसान के साथ अन्याय न हो। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार होते ही किसानों को नियमों के अनुसार मुआवजा दिलवाया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह किसानों के साथ खड़ी है और इस मुश्किल समय में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। सरकार की कोशिश रहेगी कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत मिल सके, ताकि वे अपनी अगली फसल की तैयारी कर सकें।
स्थानीय किसानों का कहना है कि इस बार फसल काफी अच्छी थी और उन्हें अच्छे उत्पादन की उम्मीद थी, लेकिन अचानक हुई ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों को झटका दे दिया। कई किसानों ने बताया कि गेहूं की बालियां टूट गई हैं और फसल जमीन पर गिर गई है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन की तरफ से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही नुकसान का पूरा आंकड़ा सामने आ जाएगा।




