Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 1 अप्रैल। गुरुग्राम में LPG से जुड़ी शिकायतों पर अब तेजी से कार्रवाई हो रही है। जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम को एक्टिव कर दिया है, जहां आने वाली हर शिकायत को तुरंत संबंधित गैस एजेंसी तक भेजा जा रहा है।

डीसी अजय कुमार ने बताया कि LPG की कालाबाजारी, जमाखोरी और गलत तरीके से सप्लाई रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्ती कर रहा है। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमें अलग-अलग इलाकों में जांच कर रही हैं, ताकि लोगों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
पिछले 24 घंटों में टोल-फ्री नंबर पर कुल 91 शिकायतें मिलीं। इन सभी शिकायतों को तुरंत संबंधित एजेंसियों को भेज दिया गया है और उन पर तेजी से काम किया जा रहा है।
डीएफएससी अशोक रावत ने बताया कि कंट्रोल रूम का नंबर 0124-2868930 जिले की सभी 58 गैस एजेंसियों और प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है, ताकि लोग सीधे संपर्क कर सकें।
गैस की सप्लाई पूरी तरह ठीक
प्रशासन के अनुसार, जिले में LPG का स्टॉक पर्याप्त है और किसी तरह की कमी नहीं है। फिलहाल 58 एजेंसियों के पास कुल 15,016 सिलेंडर मौजूद हैं, जिससे सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि रोजाना निगरानी की जा रही है, ताकि आगे भी लोगों को बिना किसी परेशानी के गैस मिलती रहे।




