Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 05 अप्रैल 2026 गुरुग्राम पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में अवैध कब्जों पर सख्त प्रहार किया है।

पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर गांव कन्हई (सेक्टर-44) और वजीराबाद स्थित HSVP की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर भारी मशीनरी की मदद से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर दिया गया है।
कार्रवाई के दौरान कुख्यात अपराधी जगबंधु पुरई (जिला नादिया, पश्चिम बंगाल), नरेश (वजीराबाद) और उमेद उर्फ सोनू महलावत, हिमांशु व नितिन कौशिक (झाड़सा, गुरुग्राम) को चिन्हित किया गया। पुलिस के अनुसार इन सभी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें चोरी, हिंसक अपराध, मादक पदार्थ तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्ग के लोगों से किराया वसूला और इन स्थानों का इस्तेमाल संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन के लिए किया।
यह संयुक्त कार्रवाई क्राइम यूनिट सेक्टर-17, सेक्टर-39 और सेक्टर-40 द्वारा DTP और HSVP अधिकारियों के साथ समन्वय में की गई। पुलिस की मौजूदगी में सभी अवैध निर्माण हटाकर जमीन को पूरी तरह खाली कराया गया और पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई।
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह के खुफिया-आधारित अभियान आगे भी जारी रहेंगे।




