Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
रेवाड़ी। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आनंद नगर स्थित राजा वाटिका में ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती का संदेश दिया।

भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली के संयोजन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के तीनों विधायक लक्ष्मण यादव, अनिल यादव और कृष्ण कुमार ने पार्टी का ध्वज फहराकर स्थापना दिवस मनाया।
अपने संबोधन में राव इंद्रजीत सिंह ने पार्टी के उन कार्यकर्ताओं और बलिदानियों को नमन किया, जिन्होंने भाजपा को शून्य से शिखर तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी केवल सत्ता के कारण नहीं, बल्कि अंत्योदय और सेवा की भावना के कारण बनी है।
उन्होंने ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी में एम्स और आधुनिक रेलवे परियोजनाएं क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी।
डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि स्थापना दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि पार्टी की नीतियों को हर गांव और बस्ती तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राव इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में रेवाड़ी में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।
रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रवाद से प्रेरित एक विचारधारा है। वहीं बावल विधायक कृष्ण कुमार और कोसली विधायक अनिल कुमार ने भी संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।
इस अवसर पर हुकुमचंद यादव, सुनील यादव, रत्नेश बंसल, सिंह राम महलावत, पूनम यादव, कंवर सिंह, अनिल रायपुर, जिला महामंत्री हिमांशु पालीवाल, कुलदीप चौहान, बलभद्र, मंडल अध्यक्ष दीपक अग्रवाल, महामंत्री महेश राजा, जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।




