Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव
गुड़गांव के हेलीमंडी इलाके के राजकीय माध्यमिक विद्यालय नामक सरकारी स्कूल में युवक की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह जब विद्यार्थी और अध्यापक पहुंचे तो उन्हें फर्श पर युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। शव देखकर सभी घबरा गए और पुलिस को कॉल किया। युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी पता करने की कोशिश कर रही है कि रवि यहां पर किसके साथ आया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह हेलीमंडी इलाके के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में युवक का शव पड़े होने की जानकारी मिली थी। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने मौके से सुबूत इकट्टा किए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक के सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई है। पुलिस रात में रहने वाले चौकीदार के बारे में पता कर रही है। साथ ही स्टाफ और टीचर्स से भीपूछताछ कर रही है कि युवक स्कूल में क्या कर रहा था और उसके साथ आखिरी बार कौन देखा गया था। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं आरोपी यहां पर शराब आदि का सेवन करने के लिए तो नहीं आया था।




