Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
सेक्टर-9 थाना इलाके की देवीलाल कॉलोनी में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। खेलते समय मां की साड़ी से बने झूले में उसका गला फंस गया। मृतका की पहचान रानी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के अनुसार रानी मूल रूप से बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली है। वह देवीलाल कॉलोनी में किराये के मकान में परिवार के साथ रहती थी। उनके पिता सुरेश सिंह सिलाई का काम करते हैं। रविवार शाम रानी अपनी दो छोटी बहनों के साथ घर में खेल रही थी। उसने दीवार की ग्रिल में मां की साड़ी बांधकर झूला बना लिया और उसमें लटककर गोल-गोल घूमने लगी। झूलते समय अचानक साड़ी उसके गले में लिपट गई और गला दब गया। परिवार वालों को जब बच्ची उसमें लिपटी दिखी तो वह उसे पास के अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुरेश सिंह ने पुलिस को बताया कि तीनों बेटियां घर में खेल रही थीं। इसी दौरान यह घटना हुई। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।




