Billkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम स्थित लेडी फ्लोरेंस कॉन्वेंट स्कूल में बैसाखी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर पंजाबी लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आया, जहां विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में भांगड़ा और गिद्धा प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें बैसाखी के ऐतिहासिक, सामाजिक और कृषि महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, कविता और लघु-नाटिका के माध्यम से इस पर्व की जीवंत झलक प्रस्तुत की।
किंडरगार्टन (नर्सरी से यूकेजी) के नन्हे विद्यार्थियों के लिए विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। नर्सरी के बच्चों ने कॉर्न थीम पर फिंगर प्रिंटिंग की, वहीं यूकेजी के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे ढोल सजाए। इसके अलावा बच्चों ने गेहूं के दानों से ग्रेन पेस्टिंग गतिविधि के जरिए फसल और बैसाखी के संबंध को समझा।
उत्सव को और खास बनाने के लिए ‘येलो कलर पार्टी’ का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पीले रंग के व्यंजनों का आनंद लिया।
इस अवसर पर विद्यालय की निदेशिका अरुणा डांग ने कहा कि बैसाखी परिश्रम, समृद्धि और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं और उनमें सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, टीमवर्क और मंच कौशल का विकास होता है। अभिभावकों ने भी कार्यक्रम की सराहना की।




