Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव पुलिस ने बुधवार को कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति पर बुल्डोजर चला दिया। नाहरपुर रूपा इलाके में गैंगस्टर ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 1500 वर्ग गज से ज्यादा की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर मकान और दुकानें बनाकर मोटी कमाई खा रहा था। इस जमीन की कीमत करीब 50 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस टीम ने डीटीपी टीम के साथ मिलकर इस कब्जे को ध्वस्त कर दिया। यहां ड्यूटी मजिस्ट्रेट आरएस बाठ और भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही।

37 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है कौशल
कौशल चौधरी मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला है। वह 37 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है दर्ज हैं। फिलहाल वह बंबीहा गैंग से जुड़ा हुआ है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विरोधी है।
जेल में है बंद
कौशल चौधरी ने जमीनी विवाद और भाई की हत्या का बदला लेने के लिए अपराध की दुनिया में कदम रखा था। बाद में वह राजस्थान के सूबे गुर्जर और अमित डागर जैसे गैंगस्टरों के साथ मिलकर अपना गैंग चलाने लगा। वह पंजाब में यूथ अकाली नेता विक्की मिड्खेड़ा, इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर संदीप नांगल अंबिया समेत कई हाई-प्रोफाइल हत्याओं में शामिल रहा है। 2017 में वह दुबई भाग गया था, लेकिन 2019 में भारत लाया गया। तब से वह जेल में है।
गैंगस्टर की पत्नी को भी पुलिस ने किया है गिरफ्तार
कौशल की पत्नी मनीषा चौधरी भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रही है। करीब 4 महीने पहले पुलिस ने उसे एक होटल संचालक से 2 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में गिरफ्तार किया था। फिलहाल कौशल चौधरी और उसकी पत्नी मनीषा दोनों भौंडसी जेल में बंद हैं।
काली कमाई से बनाई थी संपत्ति
गुड़गांव पुलिस काफी समय से गैंगस्टर व उनके जानने वालों की संपत्तियों का पता लगाने की कोशिश कर रही थी। पुलिस संबंधित विभाग के लोगों के साथ मिलकर उनके रिकॉर्ड खंगाल रही थी। इस दौरान नाहरपुर रूपा में इस संपत्ति की पहचान की गई। जब जांच की गई तो पता चला कि इमारत का निर्माण गैंगस्टर ने काली कमाई से किया है। गहनता से जांच की गई तो और परते खुलती चली गई। इस दौरान पता लगा कि न तो इस इमारत का कोई नकसा पास करवाया गया है और न ही यह जमीन इसकी है। जब जमीन की जांच की गई तो पता चला कि गैंगस्टर ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है।
भविष्य में भी जारी रहेंगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारी ने कहा कि गैंगस्टरों और अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी। यह कार्रवाई अपराधियों को साफ संदेश देती है कि अवैध निर्माण और काला धन अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
दूसरे गैंगस्टर की संपत्तियों पर भी हो सकती है कार्रवाई
इस कार्रवाई से अब दूसरे गैंगस्टर में भी डर का माहौल है कि जिस तरह से कौशल की संपत्ति ध्वस्त की गई है, उस तरह से कहीं उनकी काली कमाई से बनाई गई संपत्ति पर कार्रवाई न हो जाए।




