Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
अपराधियों पर नकेल तब कसी जा सकती है, जब आर्थिक रूप से उनकी कमर तोड़ दी जाए। यह मानना है गुड़गांव पुलिस का। इसी तरफ गुड़गांव में अब लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अपराधियों और भूमि माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने बुधवार के बाद गुरुवार को भी कार्रवाई जारी रखी। गुरुवार को पुलिस ने अलग-अलग विभागों की टीम के साथ मिलकर सरहोल गांव में तालाब की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह निर्माण सुरेंद्र उर्फ घसेटू ने किया था। वह यहां पर अवैध रूप से शराब बेचता था। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि सरहोल गांव के तालाब की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया है और वहां अवैध शराब बेची जा रही है। पुलिस ने इस मामले में जांच की तो जानकारी सही निकली। इसके बाद पुलिस ने इसकी जानकारी दूसरे विभागों के अधिकारियों के साथ साझा की। संबंधित विभाग के अधिकारियों ने बुलडोजर तैयार करवाया। गुरुवार को बुलडोजर की गड़गड़ाहट से उस समय धरती कांप उठी जब सरहोल गांव के तालाब पर कार्रवाई शुरू की। इसके बाद अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
बुधवार को गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ की थी कार्रवाई
इससे पहले बुधवार को पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी संपत्ति पर बुल्डोजर चला दिया था। नाहरपुर रूपा इलाके में गैंगस्टर ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की 1500 वर्ग गज से ज्यादा की सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। इस जमीन पर मकान और दुकानें बनाकर मोटी कमाई खा रहा था। इस जमीन की कीमत करीब 50 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस टीम ने डीटीपी टीम के साथ मिलकर इस कब्जे को ध्वस्त कर दिया।
भविष्य में भी बुलडोजर चलेगा
बता दें कि यहां पर गांव का ही सुरेंद्र उर्फ घसेटू शराब बेचता था। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई से पहले जब घर की तलाशी ली तो भी अवैध शराब घर में रखी मिली। इसके बाद आरोपी के खिलाफ एक और केस दर्ज किया गया। गुड़गांव पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराधियों और भूमि माफियाओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसी कार्रवाई भविष्य में और तेजी के साथ जारी रहेंगे।




