Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
द्वारका जिले की एंटी-नार्कोटिक्स सेल ने विक्की टक्कर गैंग के दो खतरनाक गुर्गों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, गनीमत रही कि गोली एक पुलिस कर्मी की बुलेटप्रुफ जैकेट पर लगी और वह बाल बाल बच गए। दोनों आरोपी पुलिस कार्रवाई में घायल हो गए हैं। अस्पताल में इलाज के बाद आज उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान उत्तम नगर के जतिन शर्मा और पवन भंडारी के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। उनके पास से दो पिस्टल व कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि धूलसिरस चौक के पास पुलिस टीम ने जब जतिन शर्मा और पवन भंडारी को रोकने की कोशिश की तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिसकर्मी के बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराई, जिससे वह बाल बाल बच गया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें जतिन शर्मा के बाएं पैर में गोली लग गई। दोनों घायल आरोपी अब अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने उनसे दो पिस्टल, तीन कारतूस बरामद किए। उनके पास से मिली स्कूटी भी चोरी की हुई है। जांच में पता लगा कि आरोपी जतिन शर्मा विक्की टक्कर गैंग से जुड़ा हुआ है। वह पहले से 23 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वहीं पवन भंडारी चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
डाबरी में मांग रहे थे रंगदारी
द्वारका जिला डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि डाबरी थाना इलाके में महेंद्र सिंह नामक आदमी पर चाकू से हमला किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी जतिन शर्मा और पवन भंडारी दुकान चलाने के बदले पैसे की मांग कर रहे थे और इलाके में आतंक फैलाने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुठभेड़ के दौरान यह टीम रही मौजूद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दौरान इंस्पेक्टर सुभाष चंद के नेतृत्व में एसआई सुनील, नवीन कुमार, हेड कॉन्स्टेबल जितेंद्र, जयभगवान, महिपाल, गोपाल यादव और कॉन्स्टेबल शिवराम शामिल थे। इस टीम की निगरानी एसएचओ इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर और एसीपी किशोर कुमार रेवाला ने की।




