Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के सेक्टर 9 में घरेलू विवाद में एक युवक ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। बाद में उसे डर लगा तो उसने खुद फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक दंपति की पहचान दीपक कुमार और सोनम बाई के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले की चावर कॉलोनी के रहने वाले थे। गुड़गांव के सेक्टर 9 में वह किराए के मकान में रह रहे थे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि दीपक ने गुस्से में अपनी पत्नी सोनम का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद दीपक ने खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा दूसरे कमरे में खेल रहा था। काफी देर बाद जब बच्चा मम्मी-पापा के कमरे में गया तो पिता को फंदे पर लटका हुआ देखा। डर के मारे बच्चे ने पड़ोसी को बताया। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बरामद किया। प्रारंभिक जांच में सोनम के गले पर निशान मिले हैं। वहीं दीपक फंदे पर लटका मिला। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने दोनों के परिजन को सूचित कर दिया है। राजस्थान से उनके परिजन के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम होगा।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
वहीं क्राइम टीम ने मौके से सुबूत जुटा लिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पड़ोसियों से पूछताछ के साथ-साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। हालांकि इस बारे में पुलिस ने कुछ भी जानकारी साझा नहीं की है।




