Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के भारत नगर थाना पुलिस की संगम पार्क चौकी पुलिस की टीम ने अमेजन कंपनी के डिलीवरी घोटाले का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने आईफोन को डिलीवर करने की बजाय अपने पास रख लिया और सिस्टम में उसे डिलीवर दिखा दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 10 लाख रुपये कीमत के 14 आईफोन 16 बरामद किए हैं। आरोपियों ने 50 मोबाइल हड़पे थे। आरोपियों की पहचान किशनगढ़ के जसप्रीत सिंह व हिमांशु के रूप में हुई है। पुलिस अब बाकी के आईफोन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शास्त्री नगर के रहने वाले सुमित अग्रवाल नाम के युवक ने अमेजन एप से 50 आईफोन 16 (128 जीबी) ऑर्डर किए। 12 से 16 अप्रैल तक के ऑर्डर में अमेज़न ऐप पर सब कुछ डिलीवर्ड दिखा रहा था। लेकिन सुमित के घर एक भी फोन नहीं पहुंचा। जब उन्होंने चेक किया तो पता चला कि डिलीवरी वाले लोगों ने फर्जीवाड़ा किया है। पुलिस को शिकायत मिलते ही भारत नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सबसे पहले अमेजन के ऑफिस जाकर पूछताछ की। वहां मैनेजर संदीप ने बताया कि उन दिनों के 32 ऑर्डर में से 26 जसप्रीत सिंह नाम के डिलीवरी बॉय को दिए गए थे। पुलिस को शक हुआ और उन्होंने जसप्रीत को तुरंत पकड़ लिया।
पूछताछ में जसप्रीत ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसने अपने दोस्त हिमांशु के साथ मिलकर ये फोन हड़पे थे। जसप्रीत की बताई जगह पर पुलिस ने हिमांशु को भी दबोच लिया। दोनों की निशानदेही पर 14 सीलबंद आईफोन बरामद कर लिए गए। बाकी फोन अभी कहां हैं, इसकी तलाश जारी है।
पुलिस को शक है कि ये दोनों और भी कई मामलों में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने खुद कबूल किया कि जल्दी और आसानी से पैसे कमाने के लिए उन्होंने यह गलत रास्ता चुना।
टीम में ये लोग थे शामिल
आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई। इंस्पेक्टर राम किशोर और एसीपी आकाश रावत की देखरेख में बनाई गई टीम में संगम पार्क चौकी के प्रभारी एसआई राजेश पिलानिया, एसआई नवीन, हेड कांस्टेबल राकेश और कांस्टेबल हरकेश शामिल थे।
गुड़गांव तक करते थे डिलीवरी
दोनों आरोपी दिल्ली के किशनगंज इलाके में रहते हैं और अमेज़न की डिलीवरी का काम करते थे। वे गुड़गांव समेत आसपास के इलाकों में सामान पहुंचाने का काम भी करते थे। पुलिस अब बाकी फोनों की तलाश में जुटी हुई है और ये दोनों और कहां-कहां घोटाला कर चुके हैं, इसकी भी जांच कर रही है।




