Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, एक आरोपी घायल, 5 गोवंश बरामद
नूंह। जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास पुलिस और कथित गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पांच गोवंशों को सुरक्षित छुड़ाने के साथ एक पिकअप वाहन, देशी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने वाहन का पीछा किया। पीछा करते हुए पिकअप अंबेडकर चौक से होते हुए बॉडी कोठी क्षेत्र के पास पहुंची, जहां चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक, वाहन चला रहा आरोपी असलम पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
घायल आरोपी की पहचान असलम पुत्र इब्राहिम निवासी मांदोसर, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। उसे तुरंत इलाज के लिए शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया।
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस ने पांच गोवंशों को सुरक्षित बरामद किया। साथ ही एक पिकअप वाहन, देशी कट्टा और कारतूस भी कब्जे में लिए गए। फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




