Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के पालम विहार इलाके में परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के गहने, नकदी और कीमती सामान लूटने वाले चार बांग्लादेशी आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस से बचने की कोशिश में चारों आरोपी बजघेड़ा अंडरपास में कूद गए, जिससे तीन आरोपियों की टांगों और एक आरोपी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस के मुताबिक 4 जून की रात सेक्टर-23 स्थित एक मकान में चार बदमाश पीछे की खिड़की की ग्रिल काटकर घुस गए थे। आरोपियों ने घर में मौजूद महिला और उसकी बेटी को बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देकर सोने-हीरे के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा पालम विहार की टीम ने चारों आरोपियों को बजघेड़ा अंडरपास के पास से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिलाल, मामो खान, मोहम्मद खैरुल अरमान और मोहम्मद मामन के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली के संगम विहार इलाके में रह रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले इलाके की रेकी करते थे और बड़े मकानों को निशाना बनाकर चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात के बाद वे बांग्लादेश लौट जाते थे। इस बार भी आरोपी लूट के बाद भागने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार चारों आरोपियों पर दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में चोरी, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपी अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इनका संबंध अन्य वारदातों से तो नहीं है




