Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के राजेंद्र पार्क थाना क्षेत्र में मारपीट की पुरानी रंजिश के चलते एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को उत्तर प्रदेश से सुरक्षित बरामद कर लिया और मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 5 जून को एक महिला ने अपने पति चंदन पांडे के लापता होने की शिकायत राजेंद्र पार्क थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने 6 और 7 जून की रात चंदन पांडे को उत्तर प्रदेश से बरामद किया। पुलिस के मुताबिक उसे चार लोगों ने बंधक बनाकर रखा हुआ था। पीड़ित के बयान के बाद केस में अपहरण से जुड़ी धाराएं भी जोड़ दी गईं।
मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिलाष (26), हैप्पी (37), टोनी (34) निवासी जहाजगढ़, गुरुग्राम और सतेंद्र (42) निवासी असरोली, बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया कि चंदन पांडे और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और सभी नशे के आदी बताए जा रहे हैं। कुछ दिन पहले चंदन और अभिलाष के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस के अनुसार 5 जून को जब चंदन अभिलाष के घर पहुंचा तो पुरानी रंजिश के चलते चारों आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे उसकी ही कार में बैठाकर उत्तर प्रदेश ले जाया गया, जहां सतेंद्र के घर पर उसे बंधक बनाकर रखा गया और मारपीट की गई।
पुलिस ने 7 जून को चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 8 जून को आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां सतेंद्र और अभिलाष को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया जबकि हैप्पी और टोनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसके बाद 9 जून को सतेंद्र और अभिलाष को भी अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




